मलबे से निकाले गए थे मोजतबा खामेनेई, अमेरिकी हमले से बाल-बाल बचे ईरान के नए सुप्रीम लीडर

Mojtaba Khamenei Strike: तेहरान के अस्पताल पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को मलबे से बाहर निकाला गया। असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य ने इस पर बड़ा खुलासा किया है।
Mojtaba Khamenei Hospital Strike Incident
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mojtaba Khamenei Hospital Strike Incident: ईरान के नए सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह मोजतबा खामेनेई को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। तेहरान के अस्पताल पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया।

ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य मोहसिन हैदरी ने 'अल अरबी' टीवी पर यह खुलासा किया। हैदरी के मुताबिक मोजतबा शुरुआती हमलों में जख्मी होकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे।

इसके बाद तेहरान के तीन अस्पतालों पर बमबारी हुई और मोजतबा को तीसरे अस्पताल से निकाला गया। ईरानी प्रशासन ने अमेरिकी दावों को खारिज कर कहा है कि मोजतबा स्वस्थ हैं और देश संभाल रहे हैं।

असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य का बड़ा खुलासा

असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य मोहसिन हैदरी ने 'अल अरबी' टीवी पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने बताया कि मोजतबा खामेनेई शुरुआती हवाई हमलों में जख्मी हो गए थे। इलाज के लिए उन्हें तेहरान के एक प्रमुख अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

लेकिन इसके बाद अमेरिकी व इजराइली सेना ने तेहरान के तीन अस्पतालों पर बमबारी की। हैदरी के अनुसार मोजतबा खामेनेई उस समय तीसरे अस्पताल में मौजूद थे। बमबारी से अस्पताल की इमारत ध्वस्त हो गई और वे मलबे में दब गए।

राहत व बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें मलबे से बाहर निकाला। यह खुलासा ऐसे समय आया है जब मोजतबा की सेहत को लेकर दुनिया में कयास लगाए जा रहे थे।

गुप्त बैठक में मतदान और नए सुप्रीम लीडर का चयन

मोहसिन हैदरी ने नए सर्वोच्च नेता के चयन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चयन के दौरान कोम स्थित असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के दफ्तर पर हमला हुआ। उस हवाई हमले में 8 लोगों की मौत हुई और चयन से जुड़े कई दस्तावेज नष्ट हो गए।

इसके बावजूद असेंबली के सदस्यों ने गुप्त स्थान पर बैठक बुलाई और वोटिंग कराई। सचिवालय तबाह होने के बाद सदस्यों ने पर्चियों पर अपने वोट दर्ज किए। कुल 59 सदस्यों में से 50 सदस्यों ने मोजतबा खामेनेई के पक्ष में मतदान किया।

अयातुल्लाह अलीरेजा अराफी को 8 वोट मिले, जबकि एक सदस्य तटस्थ रहा। चयन के समय मोजतबा को चुने जाने की जानकारी टीवी पर आधिकारिक ऐलान तक नहीं थी।

Mojtaba Khamenei Hospital Strike Incident
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा तनाव, ईरान की नौसेना ने दूसरी अमेरिकी अनमैंड पनडुब्बी को पकड़ा

अमेरिकी खुफिया दावे और ईरानी राष्ट्रपति का बयान

हैदरी ने स्पष्ट किया कि 56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। वे देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं और सभी बड़े फैसले ले रहे हैं। सुप्रीम लीडर बनने से पहले वे अपने पिता के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।

हालांकि उन्होंने सरकार में कभी कोई औपचारिक प्रशासनिक पद नहीं संभाला था। उधर अमेरिकी खुफिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि मोजतबा हमले में गंभीर जख्मी हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि मोजतबा का बायां हिस्सा और हाथ-पैर जख्मी हैं।

हालांकि ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इन दावों को पूरी तरह खारिज किया। पेजेशकियन ने कहा कि मोजतबा बिल्कुल ठीक हैं और उनसे सात घंटे लंबी बैठक हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com