

वाशिंगटन: अमेरिका में आगामी राष्ट्रपति चुनाव को महज दो दिन रह गए हैं। डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद की उम्मीवार कमला हैरिस और रिपब्लिकन पार्टी के उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के बीच एक दूसरे पर बयानबाजी जारी है। दोनों नेताओ का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप दौर भी शुरू है। इस कड़ी में उपराष्ट्रपति हैरिस ने शुक्रवार को पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर आरोप लगाया है।
कमला हैरिस का आरोप है कि राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार और उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकियों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर रहे हैं। हैरिस ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप जो पेशकश कर रहे हैं, अमेरिका उससे बेहतर का हकदार है।
कमला हैरिस ने कहा कि अमेरिका को एक ऐसे राष्ट्रपति की जरूरत है जो आदर्श बनने की हमारे लोगों और बाकी दुनिया के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भूमिका को समझे। हैरिस ने ये बातें विस्कॉन्सिन में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा जैसा कि आपने मुझे कई बार कहते सुना है। अमेरिकी लोगों के प्रति मेरा संकल्प यह है कि मैं सामान्य ज्ञान के आधार पर समाधान निकालूंगी। साथ ही उन लोगों की भी सुनूंगी जो मुझसे असहमत हैं। विशेषज्ञों की बात सुनूंगी और सभी अमेरिकियों की राष्ट्रपति बनूंगी।
हैरिस ने कहा लेकिन डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकियों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करते हैं। वे अमेरिकियों को एक-दूसरे पर उंगली उठाने के लिए उकसाने में पूरा समय बिताते हैं। वह अपने राजनीतिक विरोधियों से बदला लेने का षड्यंत्र रचने में बहुत समय बिताते हैं। हैरिस ने कहा कि ट्रंप तेजी से एक ऐसे व्यक्ति बनते जा रहे हैं जो अपने राजनीतिक विरोधियों को अपना दुश्मन मानते हैं। हमेशा बदला लेने की फिराक में रहते हैं। यही नहीं कमला हैरिस ने कहा ट्रंप तेजी से अस्थिर होते जा रहे हैं।
हैरिस ने कहा कि मेरा नजरिया एकदम स्पष्ट है। मैं हमारे लोकतंत्र में विश्वास करती हूं। लोकतंत्र अद्भुत लेकिन जटिल होता है। हमें बहस पसंद है। हम मतभेदों को स्वीकार करते हैं। मैं अपने मंत्रिमंडल में रिपब्लिकन नेता को शामिल करूंगी और इसका एक कारण यह है कि मैं कई लोगों के विचार जानना चाहती हूं।
उपराष्ट्रपति हैरिस ने कहा, मुझे अलग-अलग नजरियों से अलग-अलग विचारों को जानना और उनसे लाभ उठाना पसंद है। जो मुझे सबसे अच्छे निर्णय लेने में मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे और डोनाल्ड ट्रंप के बीच यही एक बड़ा अंतर है।