

HIGHLIGHTS
झारखंड के शशि दुबई की जेल में 4 महीनों से बंद
पिता ने भारत सरकार से बेटे को वापस लाने की अपील की
दुबई की अल राशिदिया जेल में हैं बंद
भारत वापस आने के लिए एजेंट को दिए थे पैसे
2025 से निजी कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर कर रहे थे काम
Indian Boy In Dubai Jail: झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले 23 वर्षीय शशि कुमार दुबई की जेल में पिछले 4 महीनों से बंद हैं। पीड़ित पिता का कहना है कि बेटे ने भारत वापस आने के लिए एक एजेंट को पैसे दिए थे। शशि दुबई के एक निजी कंपनी में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करते थे। बहन की शादी में शामिल होने के लिए वो भारत आना चाहते थे।
पुलिस के मुताबिक, शशि पर आरोप है कि उन्होंने कंपनी को ठीक से सूचना दिए बिना नौकरी छोड़ दी और भारत लौटने के लिए एजेंट को पैसे दिए। जिसके बाद शशि लगातार 7 दिन तक काम पर नहीं आए। इन आरोपों के मद्देनजर फिलहाल शशि को दुबई की अल राशिदिया जेल में रखा गया है।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, शशि पिछले 4 महीने से जेल में बंद हैं। अब परिवार ने भारत सरकार से बेटे को वापस लाने और कानूनी मदद दिलाने की अपील की है। शशि के पिता लालन पासवान के मुताबिक, शशि 2025 में दुबई की एक निजी कंपनी में काम करने गया था और अब परिवार लंबे समय से उनकी वापसी का इंतजार कर रहा है।
शशि की पत्नी सुमित्रा ने भी अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि एजेंट के चक्कर में उनके पति फंस गए। उन्होंने विदेश में फंसे अपने पति को कानूनी मदद दिलाने और भारत वापस लाने की गुहार लगाई है। फिलहाल पलामू पुलिस ने उच्च अधिकारियों को परिवार का आवेदन भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।