

Highlights
हेब्रोन शहर से हट गई इजरायल की सेना
अंतर्राष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट के हवाले से खबर आई
10 दिनों से ज्यादा सैन्य अभियान चलाए गए हैं
Middle East Tension: इजरायली सेना वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर से हट गई है। अल जजीरा की सोमवार की रिपोर्ट के अनुसार, शहर के गवर्नर के हवाले से बताया गया है कि 10 दिनों से ज्यादा समय तक घेराबंदी करने के बाद, इजरायली सेना हेब्रोन शहर से वापस चली गई है। न्यूज नेटवर्क ने बताया कि हेब्रोन के गवर्नर खालिद दुदीन के अनुसार, 10 दिनों से ज्यादा चले सैन्य अभियान के बाद इजरायली सेना पूरे हेब्रोन शहर से हट गई है। दुदीन ने चैनल को बताया कि अब इस इलाके पर फिलिस्तीनी सुरक्षा बलों का पूरा नियंत्रण है, और जो परिवार अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर हुए थे, वे अब वापस लौट सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 23 अक्टूबर को शहर के पास हुए एक हमले के बाद इजरायली सेना ने हेब्रोन की घेराबंदी कर दी थी। इस हमले में इजरायली रक्षा बलों (IDF) के दो सैनिक मारे गए थे। स्थानीय नगर पालिका के अनुसार, इस हमले के बाद 3,300 से ज्यादा फिलिस्तीनी प्रभावित हुए या उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। कई घर नष्ट हो गए और कारोबार बंद हो गए।
शहर के मेयर, यूसुफ अल-जबारी ने 31 अक्टूबर को अल जजीरा को बताया था कि घेराबंदी के कारण हर दिन 12 मिलियन शेकेल (3.8 मिलियन डॉलर) से ज्यादा का आर्थिक नुकसान हो रहा है। बुनियादी ढांचे को 1.9 मिलियन डॉलर से ज्यादा का नुकसान पहुंचा है, जबकि स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्रों में लगभग 160,000 डॉलर का नुकसान हुआ है।
अल-जबारी ने आगे बताया कि IDF ने 15 घरों और अन्य ढांचों को ध्वस्त कर दिया है और 327 व्यवसायों को बंद करने के लिए मजबूर किया है। मेयर ने यह भी बताया कि लगभग 80,000 छात्र 10 दिनों तक स्कूल नहीं जा पाए। अल-जबारी के अनुसार, फिलिस्तीनी अर्थव्यवस्था में हेब्रोन की हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है और यह घेराबंदी एक तरह की सामूहिक सजा है।
इजराइल में हाल ही में हुए चुनावों में, मौजूदा गठबंधन को 53 सीटें मिलीं, जबकि विपक्ष को 67 सीटें हासिल हुईं। हालाँकि, विपक्षी गुट में जायोनी गुटों की 48 सीटें और अरब गैर-जायोनी पार्टियों की 19 सीटें शामिल हैं, जिससे गठबंधन बनाने में चुनौती आ सकती है। नवनिर्वाचित नेसेट (इजराइली संसद) का शपथ ग्रहण समारोह 10 नवंबर को होना है।