इजरायल के हमले में हमास का टॉप कमांडर ढेर, गाजा में 14 किमी लंबी सुरंगें और हथियारों के गोदाम भी तबाह

Israel IDF Kills Hamas Commander: इजरायली सेना ने हमास के ऑपरेशंस कमांडर बहा बरौद को मार गिराया है। इसके साथ ही उत्तरी गाजा में हमास के 14 किलोमीटर लंबी सुरंग को भी ध्वस्त कर दिया गया है।
Top Hamas Commander Killed in Israeli Strike; 14-km-Long Tunnels and Weapons Depots in Gaza Also Destroyed
गाजा पर इजरायल का हमला, फोटो (सो. IANS)
Updated on

IDF Kills Hamas Commander Baha Baroud: इजरायल और हमास के बीच जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने एक बड़ी सैन्य कामयाबी हासिल करने का दावा किया है। आईडीएफ ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि उसने हमास के ऑपरेशंस हेडक्वार्टर कमांडर बहा बरौद को एक सटीक हवाई हमले में मार गिराया है। बरौद पर इजरायली सैनिकों और नागरिकों के खिलाफ कई घातक हमलों और साजिशों को तैयार करने का गंभीर आरोप था।

सटीक हवाई हमले में मारा गया बहा बरौद

आईडीएफ के सदर्न कमांड ने शनिवार को इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। सैन्य सूत्रों के मुताबिक, बहा बरौद पूरे युद्ध के दौरान और विशेष रूप से हाल के दिनों में गाजा पट्टी में तैनात इजरायली जवानों के लिए एक बड़ा खतरा बना हुआ था। वह हमास की उन रणनीतियों को आगे बढ़ा रहा था जो इजरायली सेना और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई थीं। आईडीएफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि इस हमले को बेहद सावधानी और सटीकता के साथ अंजाम दिया गया ताकि आम नागरिकों को किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान से बचाया जा सके। इसके लिए आधुनिक सटीक हथियारों और निरंतर हवाई निगरानी का उपयोग किया गया।

भूमिगत ढांचे पर करारी चोट

हमास कमांडर के खात्मे के साथ-साथ इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा में हमास के भूमिगत ढांचे पर भी करारी चोट की है। आईडीएफ की डिवीजन 252, नॉर्दर्न ब्रिगेड और विशिष्ट 'याहलम' यूनिट ने मिलकर पिछले कुछ महीनों से जारी एक विशेष अभियान के तहत करीब 14 किलोमीटर लंबी भूमिगत सुरंगों को उड़ा दिया है। यह सुरंगें हमास के लड़ाकों के लिए एक सुरक्षित ठिकाने और रसद आपूर्ति के मुख्य मार्ग के रूप में काम कर रही थीं।

सुरंगों में मिले सोने के कमरे

सेना के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान इन भूमिगत ठिकानों के भीतर न केवल बड़ी मात्रा में आधुनिक हथियार मिले, बल्कि वहां बाकायदा सोने के कमरे भी बने हुए थे। यह इस बात का साफ प्रमाण है कि हमास इन सुरंगों का इस्तेमाल लंबे समय तक रहने और वहां से सैन्य गतिविधियों को संचालित करने के लिए एक सुरक्षित ठिकाने के रूप में कर रहा था। आईडीएफ ने बताया कि इस इलाके को पूरी तरह साफ करने और हमास के अवशेषों को खत्म करने का अभियान अब भी युद्धस्तर पर जारी है।

हथियार निर्माण ठिकानों पर प्रहार

सुरंगों और नेतृत्व को निशाना बनाने के अलावा, इजरायली सेना ने उत्तरी गाजा में फि‍लिस्तीनी इस्लामिक जिहाद (PIJ) और हमास के हथियार बनाने वाले ठिकानों को भी नष्ट कर दिया है। पिछले हफ्ते किए गए एक ऑपरेशन में सेना ने एक ऐसे हथियार गोदाम को तबाह किया, जिसका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने और खतरनाक हथियार जमा करने के लिए किया जा रहा था। आईडीएफ का दावा है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल इजरायली क्षेत्र में तबाही मचाने के लिए हथियारों की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु किया जा रहा था।

Navbharat Live
navbharatlive.com