भीषण आग की भेंट चढ़ा इराक का शॉपिंग मॉल, 50 लोग जिंदा जलकर खाक, मचा कोहराम

Iraq shopping mall fire: इराक के एक शॉपिंग मॉल में गुरुवार को लगी भीषण आग में कम से कम 50 लोगों की जान चली गई। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
भीषण आग की भेंट चढ़ा इराक का शॉपिंग मॉल, 50 लोग जिंदा जलकर खाक, मचा कोहराम
भीषण आग की भेंट चढ़ा इराक का शॉपिंग मॉल, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

बगदाद: इराक के अल-कुट शहर में स्थित एक शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है।  रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा एक सुपरमार्केट में हुआ, जहां आग ने इमारत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। वायरल हो रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इमारत से भीषण धुआं उठ रहा है और चारों ओर अफरातफरी मची हुई है।

सोशल मीडिया पर इस हादसे से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पांच मंजिला इमारत आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है। दमकलकर्मी आग बुझाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मियाही ने सरकारी समाचार एजेंसी INA को बताया कि मृतकों की संख्या लगभग 50 तक पहुंच गई है। आग लगने के कारणों की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है। हालांकि गवर्नर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 48 घंटों के भीतर जारी की जाएगी।

पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा

वासित प्रांत के गवर्नर मोहम्मद अल-मायाही ने बताया कि एक हाइपरमार्केट और रेस्तरां में आग लग गई थी। घटना के समय वहां कई लोग खरीदारी कर रहे थे, जबकि कुछ लोग भोजन कर रहे थे। गवर्नर के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई कर कई लोगों की जान बचाई और आग पर नियंत्रण पा लिया। इस दुखद घटना के बाद पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गवर्नर ने घटना स्थल की इमारत और मॉल के मालिक के खिलाफ कानूनी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

5 दिन पहले ही खुला था मॉल

मिली जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में एम्बुलेंस घटनास्थल से घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचा रही हैं। बगदाद से करीब 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित इस शहर का एक अस्पताल पूरी तरह भर चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मॉल केवल 5 दिन पहले ही शुरू हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग सबसे पहले इमारत की पहली मंजिल पर लगी थी।

इससे पहले, साल 2023 में इराक में एक शादी समारोह के दौरान भीषण आग लगने की घटना हुई थी। उस हादसे में करीब 100 लोगों की मौत हो गई थी और लगभग 150 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।