ईरान की 'लाल मधुमक्खियां' करेंगी ट्रंप का शिकार? समंदर में छिड़ी भीषण जंग, तेहरान बोला- अभी तो ट्रेलर है

Iran Navy Red Bees:ट्रंप के ईरानी नौसेना की तबाही के दावे पर ईरान ने तीखा पलटवार किया है। 'लाल मधुमक्खियों' वाले वीडियो के जरिए ईरान ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि असली 'पिक्चर' अभी बाकी है।
Will Iran's 'Red Bees' Hunt Down Trump? Fierce Battle Erupts at Sea; Tehran Declares: "This Is Just the Trailer."
ईरान की अमेरिका को चेतावनी, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Iran Navy Red Bees Strategy Persian Gulf: मध्य-पूर्व में जारी तनाव अब केवल मिसाइलों और ड्रोन्स तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह सोशल मीडिया पर एक भीषण प्रोपेगेंडा युद्ध में तब्दील हो चुका है। ईरान और अमेरिका के बीच चल रही जुबानी जंग ने अब एक नया मोड़ ले लिया है।

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरानी नौसेना के 'पूरी तरह नष्ट' होने के दावे पर ईरान के राजनयिकों ने फिल्मी अंदाज में पलटवार किया है, जिससे फारस की खाड़ी में सरगर्मियां तेज हो गई हैं।

'लाल मधुमक्खियों' का खौफनाक वीडियो

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर ईरानी वाणिज्य दूतावास और अन्य राजनयिक हैंडल्स ने एक आक्रामक अभियान शुरू किया है। ईरान ने एक मीम से भरा वीडियो साझा किया है जिसमें डोनाल्ड ट्रंप के उन दावों का मजाक उड़ाया गया है कि ईरान की नौसेना 'खत्म' हो चुकी है। इस वीडियो में आसमान की ओर तेजी से दागती मिसाइलें और लहरों को चीरते हुए ईरानी स्पीड-बोट्स के झुंड दिखाए गए हैं।

ईरान ने अपनी इन तेज-तर्रार नौकाओं को फारस की खाड़ी की लाल मधुमक्खियां (Red Bees) का नाम दिया है। यह नाम उनकी गति, संख्या और अपने से कहीं बड़े जहाजों को घेरकर पछाड़ने की क्षमता को दर्शाता है।

158 ईरानी जहाज समुद्र की तलहटी में

ईरान की यह प्रतिक्रिया डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने दावा किया था कि ईरानी नौसेना को बड़े पैमाने पर नष्ट कर दिया गया है। ट्रंप ने अपने 'ट्रुथ सोशल' हैंडल पर लिखा कि ईरान की नौसेना अब समुद्र की तलहटी में पड़ी है और उसके लगभग 158 जहाज डूब चुके हैं।

ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब केवल मुट्ठी भर तेज हमलावर जहाज ही बचे हैं और यदि किसी ने अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को चुनौती देने की कोशिश की, तो उसे "तुरंत खत्म" कर दिया जाएगा।

'अभी तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है' ईरान ने ट्रंप के इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक संदेश साझा किया। पोस्ट में लिखा गया है कि यह कितना अजीब है कि ट्रंप लगातार यह दावा करते रहे कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है... अब उन्हें पता चलने वाला है कि समुद्री लुटेरों का झुंड आपको पल भर में कैसे घेर सकता है।

इस संदेश का अंत हिंदी फिल्म जगत के एक मशहूर संवाद के साथ हुआ: 'अभी तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है'। यह बयान साफ संकेत देता है कि ईरान अपनी नौसैनिक शक्ति को कम करके आंकने की अमेरिकी रणनीति का जवाब देने के लिए तैयार है।

होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ता तनाव

इस डिजिटल युद्ध के बीच जमीनी हकीकत काफी गंभीर है। Strait of Hormuz के आसपास सैन्य हलचल चरम पर है। अमेरिकी नौसेना ने इस क्षेत्र में एक सख्त नौसैनिक नाकाबंदी लागू कर दी है। खबरों के मुताबिक, युद्ध की आशंका के चलते तेल टैंकरों ने अपने रास्ते बदलने शुरू कर दिए हैं और कई समुद्री मार्गों पर यातायात में भारी गिरावट आई है। वाशिंगटन ने साफ कर दिया है कि वह अपनी नाकाबंदी को चुनौती देने वाली किसी भी शक्ति को नष्ट कर देगा, जबकि तेहरान ने इसे केवल एक अमेरिकी 'दुष्प्रचार' करार दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com