मिसाइल बने बाराती...ड्रोन बने गवाह, ईरान में हर रात होने वाली रैली में अनोखी शादी कर रहे लोग, देखें VIDEO

US-Iran War: ईरान में युद्ध की आशंकाओं के बीच भारी जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। तेहरान में ड्रोन और मिसाइल रैलियों के दौरान नवविवाहित जोड़े भी देश की एकजुटता के लिए सड़कों पर उतरे।
Iran Drone Rally
ईरान ने निकाली ड्रोन रैली (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Iran Drone Rally: अमेरिका और इजरायल के साथ संभावित युद्ध की आशंकाओं के बीच ईरान में भारी जनसमर्थन और राष्ट्रवादी माहौल देखने को मिल रहा है। पिछले कुछ दिनों से देश के कई शहरों में लोग रात के समय सड़कों पर उतरकर अपनी सेना के समर्थन में रैलियां निकाल रहे हैं। इन रैलियों में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) भी सक्रिय रूप से शामिल हो रही है। बुधवार रात राजधानी तेहरान में एक “ड्रोन रैली” का आयोजन किया गया, जिसमें IRGC ने अपने आधुनिक हथियारों का प्रदर्शन किया। इस दौरान Shahed-136 जैसे ड्रोन को प्रदर्शित किया गया, जिसे ईरान की सैन्य क्षमता का प्रतीक माना जाता है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को आयोजित रैली में IRGC ने खोर्रामशाहर-4 जैसी बैलिस्टिक मिसाइल का प्रदर्शन किया था, जिससे देश के भीतर सैन्य ताकत का संदेश दिया गया।

पूरे ईरान में आयोजित हो रही रैली

दक्षिण-पश्चिमी शहर अहवाज समेत तेहरान, केरमानशाह और बुशहर जैसे कई शहरों में लोग हर रात बड़ी संख्या में इकट्ठा हो रहे हैं। इन सभाओं में इजरायल और अमेरिका के खिलाफ गुस्सा साफ तौर पर देखा जा रहा है। लोग नारे लगाकर और झंडे लहराकर सरकार, सेना और नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन जता रहे हैं।

इन प्रदर्शनों की एक खास बात यह है कि इनमें कई नवविवाहित जोड़े भी शामिल हो रहे हैं। कुछ जोड़े अपनी शादी की पोशाक में ही इन रैलियों का हिस्सा बन रहे हैं। वे भीड़ के बीच खड़े होकर नारे लगाते हैं और देश के प्रति अपनी एकजुटता दिखाते हैं।

रैली में लोग पूरी कर रहे शादी रस्में

ईरान की सरकारी मीडिया Press TV के अनुसार, कई मामलों में तो नवविवाहित जोड़ों ने अपनी शादी की रस्में भी इन जनसभाओं के दौरान पूरी की हैं। उनका मानना है कि इस समय व्यक्तिगत खुशी से ज्यादा महत्वपूर्ण देश की सुरक्षा और एकता है।

रात के समय होने वाली ये रैलियां इसलिए भी खास हैं क्योंकि दिनभर की गतिविधियों के बाद लोग रात में बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हैं। मोबाइल की रोशनी, झंडे और जोशीले नारे पूरे माहौल को भावनात्मक और ऊर्जावान बना देते हैं।

ईरान की एकजुट का प्रतीक

ये रैलियां न सिर्फ सरकार और सैन्य बलों के समर्थन का प्रतीक बन रही हैं, बल्कि यह संदेश भी दे रही हैं कि मौजूदा तनावपूर्ण हालात में ईरानी जनता एकजुट होकर अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के साथ खड़ी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com