ईरान का बड़ा दावा! F-35 गिराने के बाद रेस्क्यू करने आए अमेरिकी हेलिकॉप्टर भी जमींदोज, गिरफ्त में US पायलट

Iran US F35 Shot Down: ईरान ने अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराने और पायलट को हिरासत में लेने का सनसनीखेज दावा किया है। पायलट को बचाने आए अमेरिकी हेलिकॉप्टरों को भी मार गिराने की खबर है।
Iran's Major Claim! After Downing an F-35, US Rescue Helicopters Also Shot Down; US Pilot Captured
डोनाल्ड ट्रंप, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

US F35 Pilot Captured Iran Claims: मध्य-पूर्व में जारी भारी तनाव के बीच ईरान ने एक ऐसा दावा किया है जिसने पूरी दुनिया में खलबली मचा दी है। ईरान की सरकारी मीडिया और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के मुताबिक, ईरानी सेना ने अमेरिका के सबसे आधुनिक और शक्तिशाली F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया है। तेहरान का दावा है कि विमान का पायलट अब उनकी हिरासत में है और उसे बचाने के लिए भेजे गए अमेरिकी रेस्क्यू मिशन को भी नाकाम कर दिया गया है।

रेस्क्यू मिशन पर हमला

ईरान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, जब अमेरिकी वायुसेना का F-35 विमान गिरा, तो उसे और उसके पायलट को बचाने के लिए अमेरिका ने एक बड़ा सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि अमेरिका ने एक C-130 मालवाहक विमान और चार ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर ईरान की सीमा के अंदर भेजे थे। ईरान की सेना ने इन विमानों की मौजूदगी को घुसपैठ करार देते हुए उन पर हमला कर दिया और उन्हें मार गिराने का दावा किया है।

पायलट की स्थिति पर सस्पेंस बरकरार

तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, F-35 जेट को निशाना बनाए जाने के बाद पायलट ने खुद को इजेक्ट कर लिया था और वह ईरान की जमीन पर उतरा। फिलहाल पायलट की स्थिति को लेकर विरोधाभासी खबरें सामने आ रही हैं। जहां कुछ ईरानी सूत्र कह रहे हैं कि पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है, वहीं ईरान के सरकारी मीडिया 'प्रेस टीवी' और 'IRIB' का कहना है कि विमान के जमीन से टकराते समय इतना जोरदार धमाका हुआ कि पायलट के बचने की संभावना बहुत कम है।

स्वदेशी रक्षा प्रणाली का पराक्रम

ईरान के खतम अल-अंबिया मिलिट्री हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने गर्व से घोषणा की कि यह दूसरी बार है जब उन्होंने अमेरिकी F-35 को मार गिराया है। यह कार्रवाई मध्य ईरान के आसमान में IRGC की नई और पूरी तरह से स्वदेशी एयर डिफेंस प्रणाली के जरिए की गई। हालांकि, कुछ तुर्की मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि गिराया गया विमान F-35 न होकर अमेरिका का F-15E स्ट्राइक ईगल भी हो सकता है।

दोनों देशों में बढ़ता तनाव

ईरान-अमेरिका के बीच यह टकराव नया नहीं है। इससे पहले 19 मार्च को भी ईरान ने एक F-35 को निशाना बनाने का दावा किया था, हालांकि उस समय अमेरिकी मीडिया ने इसे इमरजेंसी लैंडिंग बताया था। ईरान का यह भी दावा है कि उसने हाल के महीनों में अमेरिका और इजराइल के 125 से ज्यादा ड्रोन मार गिराए हैं। फिलहाल अमेरिका ने इस ताजा घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन इस घटना ने वैश्विक स्तर पर युद्ध की आशंका को और गहरा कर दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com