जहर दिया...फिर तकिए से गला घोटा, ईरान में 2 महीने की प्रेगनेंट बेटी का मां-बाप ने ही किया कत्ल; मचा हड़कंप

Iran Honor Killing Case: पश्चिमी ईरान के सनंदाज में 19 वर्षीय गर्भवती युवती हेलिया फत्ताही की कथित तौर पर उसके माता-पिता ने हत्या कर दी, जिससे महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
Helia Fattahi Murder Case
हेलिया फत्ताही (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • ईरान के सनंदाज शहर में 19 वर्षीय हेलिया फत्ताही की कथित हत्या का मामला सामने आया।

  • हेलिया दो महीने की गर्भवती थी और युवक के साथ रिश्ते में थी।

  • प्रेग्नेंसी की जानकारी मिलने के बाद माता-पिता पर हत्या का आरोप लगा है।

  • युवती को करीब 30 एंटीकॉन्वल्सेंट गोलियां खाने के लिए मजबूर किया गया।

Helia Fattahi Murder Case: ईरान से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 19 साल की एक गर्भवती युवती की कथित तौर पर उसके ही माता-पिता ने हत्या कर दी। मृतका की पहचान हेलिया फत्ताही के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह एक युवक के साथ रिश्ते में थी और दो महीने की गर्भवती थी। पिछले सप्ताह जब उसने अपने परिवार को अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी दी। इससे माता-पिता नाराज हो गए और कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।

यह मामला पश्चिमी ईरान के सनंदाज शहर का है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बेटी की हत्या के आरोप में उसके माता-पिता वोरिया फत्ताही और लीला वीस को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

30 गोलियां खिलाने के बाद तकिए से घोंटा दम

रिपोर्ट के मुताबिक, माता-पिता सबसे पहले शनिवार (21 नवंबर) को अपनी बेटी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए अदालत पहुंचे थे। घर लौटने के बाद उन्होंने कथित तौर पर हेलिया को करीब 30 एंटीकॉन्वल्सेंट गोलियां खाने के लिए मजबूर किया। हालांकि, हेंगाव ऑर्गनाइजेशन फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार, जब उन्हें एहसास हुआ कि गोलियां खाने के बाद भी वह जीवित है, तो उन्होंने तकिए से उसका मुंह और नाक दबाकर दम घोंट दिया।

Helia Fattahi Murder Case
इटली में सोनिया गांधी का घर किसने खरीदा? राहुल-प्रियंका से मांगी ये खास चीजें

हेंगाव और एक अन्य मानवाधिकार संगठन हाना ने इस घटना को कथित 'ऑनर किलिंग' करार दिया है। हेंगाव ने इस मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि ईरान में महिलाओं और बच्चों को घरेलू हिंसा से सुरक्षा देने वाले प्रभावी कानूनों की कमी और तथाकथित ऑनर किलिंग के मामलों में कानूनी खामियां तथा कम सजा जैसी स्थितियां महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देती हैं।

ईरान में महिलाओं के खिलाफ हिंसा के बढ़ते मामले

संगठन के मुताबिक, ऐसी परिस्थितियां अपराधियों में कानून से बच निकलने की मानसिकता को भी मजबूत करती हैं। हेलिया फत्ताही की हत्या ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं की सुरक्षा और उनके खिलाफ हो रही हिंसा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह से कुछ अधिक समय के भीतर किसी युवा महिला की हत्या का यह तीसरा मामला है।

इससे पहले बुधवार (18 नवंबर) को 23 वर्षीय सदफ हगबिन की गिलान प्रांत में हत्या कर दी गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह अपनी जन्मदिन की पार्टी में थीं, जब उनके पूर्व प्रेमी ने उन्हें गोली मार दी। बताया गया कि युवक ने शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया।

Helia Fattahi Murder Case
अमेरिका में बड़ा विमान हादसा: मैक्सिको की खाड़ी में क्रैश हुआ सेसना विमान, दो बच्चों समेत 6 की मौत

सिंगर परस्तू अहमदी को भी दी गई कोड़े मारने की सजा

इस सप्ताह की शुरुआत में ईरानी अधिकारियों ने गायिका परस्तू अहमदी और उनकी टीम के चार सदस्यों को कथित तौर पर 74-74 कोड़े मारे। बताया गया कि YouTube पर उनके एक ऑनलाइन परफॉर्मेंस को लाखों लोगों ने देखा था। 29 वर्षीय परस्तू अहमदी को जून में चार अन्य संगीतकारों के साथ दिसंबर 2024 में ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक कॉन्सर्ट के मामले में कोड़े मारने की सजा सुनाई गई थी।