इंडोनेशिया में बड़ा हादसा, 65 लोगों को ले जा रहा जहाज डूबा, 2 की मौत, 45 लापता

इंडोनेशिया के बाली में 65 यात्रियों से भरी फेरी डूब गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और 43 लापता हैं। 20 को बचा लिया गया है। खराब मौसम के कारण राहत कार्य में कठिनाई हो रही है।
इंडोनेशिया में बड़ा हादसा, 65 लोगों को ले जा रहा जहाज डूबा, 2 की मौत, 45 लापता
इंडोनेशिया में डूबी फेरी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

बाली: इंडोनेशिया के प्रसिद्ध बाली शहर में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां 65 लोगों को लेकर जा रही फेरी (मध्यम आकार की नाव) डूब गई। इसके कारण दो लोगों के मारे जाने की सूचना है, जबकि 43 लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है। राहत-बचाव के लिए कई टीमें मौके पर मौजूद हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या में वृद्धि हो सकती है।

एक अधिकारी, जो राहत और बचाव कार्य में शामिल हैं, ने जानकारी दी कि अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। कई लोग तेज बहाव वाले पानी में घंटों तक फंसे रहने के कारण बेहोश हो गए थे। लापता लोगों की तलाश के लिए दो टग बोट, दो इन्फ्लेटेबल बोट सहित कुल नौ नावें जुटी हुई हैं। रेस्क्यू टीम ने बताया कि रात के अंधेरे और करीब दो मीटर ऊंची लहरों के कारण राहत और बचाव अभियान चलाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 रवाना होने के आधे घंटे में ही डूबी फेरी

अधिकारियों ने बताया कि घटना स्थानीय अनुसार रात करीब 11:20 बजे की है। फेरी 53 यात्रियों और 12 क्रू मेंबर के साथ रवाना हुई थी। इसके अलावा इसमें 14 ट्रकों सहित 22 वाहन भी थे। बताया जा रहा है कि फेरी जावा के केतापांग बंदरगाह से बाली के गिलिमनुक बंदरगाह की ओर जा रही थी, जो 50 किलोमीटर की यात्रा थी। लेकिन रवाना होने के आधे घंटे बाद ही यह हादसे का शिकार हो गई।

ऊंची लहरों के कारण परेशानी

बन्युवांग के पुलिस प्रमुख रामा समतामा ने जानकारी दी कि हादसे की सूचना मिलते ही कोस्ट गार्ड और राहत-बचाव दलों को तुरंत रवाना कर दिया गया था। अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 20 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि, अभी भी 43 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। समतामा ने बताया कि अंधेरे और करीब दो मीटर ऊंची लहरों के कारण राहत और बचाव कार्यों में काफी कठिनाई आ रही है, बावजूद इसके टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

बता दें कि इंडोनेशिया में नौका दुर्घटनाएं आम हैं। 17,000 से अधिक द्वीपों वाला यह देश परिवहन के लिए अक्सर नौकाओं पर निर्भर रहता है। लेकिन सुरक्षा मानकों और नियमों की अनदेखी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं बार-बार सामने आती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com