

India Slams Pakistan on Islamabad Blast: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शुक्रवार को हुए भीषण आत्मघाती हमले में 69 लोग मारे गए और 170 से अधिक घायल हुए। इस हमले के बाद शुरू हुआ मातम अब पड़ोसी देशों के बीच तीखी बयानबाजी में बदल गया है। पाकिस्तान ने हमले के लिए भारत और अफगानिस्तान को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास किया, जबकि भारत ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने मस्जिद हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही पाकिस्तान द्वारा लगाए गए किसी भी भारतीय संबंध वाले आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं से निपटने के बजाय दूसरों पर आरोप लगाकर ध्यान भटकाता है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने हमलावर का अफगानिस्तान से संबंध होने का दावा करते हुए एक 'नए भारत-तालिबान गठजोड़' की बात कही। इसके जवाब में अफगानिस्तान ने कहा कि पाकिस्तान बिना किसी ठोस सबूत के आरोप लगाने की आदत डाल चुका है और ऐसे दावे सिर्फ उसकी सुरक्षा विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए हैं। अफगान सरकार ने यह भी सवाल उठाया कि यदि हमलावर की पहचान हमले के कुछ घंटे बाद हो सकती थी, तो उसे रोकने में पाकिस्तान क्यों नाकाम रहा।
हमला उस समय हुआ जब मस्जिद में जुमे की नमाज के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सुरक्षा गार्डों ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हॉल के पास पहुंचकर खुद को उड़ा दिया। इस घटना ने पाकिस्तान की शहरी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान का पड़ोसियों पर आरोप लगाने का पुराना तरीका अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर असरदार नहीं रहा।
घटना के बाद पाकिस्तान में शोक और आक्रोश की लहर है। परिवारों का आरोप है कि सुरक्षा खामियों की वजह से इतनी जानें गईं। सरकार पर दबाव है कि वह पूरी जांच करे और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार लाए। यह आतंकी हमला न केवल पाकिस्तान की आंतरिक कमजोरियों को उजागर कर रहा है, बल्कि इसके पड़ोसी देशों भारत और अफगानिस्तान के साथ तनावपूर्ण रिश्तों को भी और गहरा कर रहा है। दोनों देशों ने साफ संदेश दिया है कि पाकिस्तान को अपनी घरेलू समस्याओं से भागना बंद करना होगा।