इमरान समर्थकों ने पाकिस्तान में काटा बवाल, लगा रहे 'आजादी' के नारे, धारा 144 फेल

Pakistan Protest: पाकिस्तान में राजनीतिक संकट गहरा गया है। इमरान खान को जेल भेजा गया, उनकी सेहत और सुरक्षा को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, और पार्टी विरोध प्रदर्शन कर रही है।
imran-khan-pti-protest-news-pakistan-144-curfew-islamabad-rawalpindi
पाकिस्तान में पीटीआई समर्थकों का प्रदर्शन (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Pakistan PTI Protest: पाकिस्तान में इस समय राजनीतिक संकट गहरा गया है। यहां लोकतांत्रिक सरकार है, लेकिन हालात ऐसे हैं कि अघोषित रूप से सत्ता सेना के हाथ में चली गई है। हाल ही में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के नेता और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को उनके विरोधी आर्मी प्रमुख आसिम मुनीर के खिलाफ जाने की वजह से जेल भेज दिया गया। उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि पिछले चार हफ्तों से उनके किसी से संपर्क की खबर नहीं है।

इमरान खान के परिवार और पार्टी नेताओं को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिली है। इसी कारण PTI ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट और रावलपिंडी की अदियाला जेल के बाहर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है। सरकार ने सार्वजनिक सभाओं और मुलाकातों पर रोक लगा दी है, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। जेल में उनकी हालत और उनके स्वास्थ्य को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिससे हालात और जटिल हो गए हैं।

शहबाज-मुनीर के खिलाफ लगे नारे

पार्टी के नेताओं ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट के सामने प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, बिलावल भुट्टो और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के खिलाफ नारे लगाए। वे इमरान खान की रिहाई और देश में आजादी की मांग कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से इस्लामाबाद और रावलपिंडी में 1 से 3 दिसंबर तक धारा 144 लागू कर दी गई है। डिप्टी कमिश्नर डॉक्टर हसन वकार चीमा ने जिले में संभावित खतरों का हवाला देते हुए यह कदम उठाया।

PTI नेता असद कैसर ने कहा कि विपक्षी सांसद अदालत के बाहर इकट्ठा होंगे और फिर अदियाला जेल की ओर मार्च करेंगे। उनका आरोप है कि अदालत के आदेश लागू नहीं हो रहे और जेल प्रशासन निर्देशों का पालन नहीं कर रहा। हालात तब और बिगड़े जब खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री को लगातार आठवीं बार इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद उन्होंने जेल के बाहर धरना दिया।

जेल प्रशासन ने जारी किया बयान

अदियाला जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इमरान खान जेल में ही हैं और उनकी सेहत ठीक है। जेल अधिकारियों ने कहा कि उनके स्थानांतरण या स्वास्थ्य को लेकर फैली खबरें निराधार हैं और उन्हें पूरी चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इस बीच राजनीतिक हलचल और विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान में जारी हैं और आने वाले दिनों में हालात और स्पष्ट होने की संभावना है।

Navbharat Live
navbharatlive.com