Hanuman Chalisa: डोनाल्ड ट्रंप को गिफ्ट में मिली हनुमान चालीसा, जानें किसने दिया?

Hanuman Chalisa: व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह के दौरान भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने डोनाल्ड ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट की। उन्होंने भारत-अमेरिका दोस्ती और विश्व शांति की कामना की।
Hanuman Chalisa Gift Donald Trump
ट्रंप के साथ भारतीय टेक उद्यमी।सोर्स: इंटरनेट
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने ओवल ऑफिस में डोनाल्ड ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट की।

  • दिवाली समारोह में विकास खन्ना और रूबी ढल्ला समेत कई भारतीय मूल की हस्तियां शामिल हुईं।

  • गोंडल ने भारत-अमेरिका संबंध मजबूत होने और दुनिया में शांति, समृद्धि की कामना की।

Hanuman Chalisa Gift Donald Trump: व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान भारतीय टेक उद्यमी और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ओवल ऑफिस में मुलाकात की और उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की. समारोह में भारतीय मूल की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. गोंडल ने इसे भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती का प्रतीक बताया और कहा कि दीया जलाते समय उन्होंने दोनों देशों के संबंध मजबूत होने तथा दुनिया में शांति, समृद्धि और प्रकाश की विजय की प्रार्थना की.

ओवल ऑफिस में मनाई गई दिवाली

दिवाली समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के कई प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया था. इस अवसर पर सभी ने मिलकर रोशनी के पर्व का उत्सव मनाया. दिवाली समारोह में मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला समेत भारतीय मूल की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं.

ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट की

गोंडल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, 'ओवल ऑफिस में साझा रोशनी का एक यादगार पल. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए सम्मान की बात है. मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करके गर्व महसूस हुआ. गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित यह भगवान हनुमान की स्तुति है, जिसका पाठ हममें से लाखों-करोड़ों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए करते हैं.'

भारत-अमेरिका दोस्ती के लिए की प्रार्थना

गोंडल ने कहा कि दिवाली के इस अवसर पर उन्होंने भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत बनाने की कामना की. उन्होंने अपने संदेश में लिखा, 'जब दीये जलाए जा रहे थे, तब मेरी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच मित्रता के लिए तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय के लिए थी.' उन्होंने भारतीय परंपरा के प्रसिद्ध आशीर्वाद जिक्र करते हुए लिखा, 'जुग-जुग जियो एक ऐसा आशीर्वाद है, जिसे सुनते हुए हममें से कई लोग बड़े हुए हैं. इसका अर्थ है, आप युगों तक जीवित रहें. आज मैंने पूरी दुनिया के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है. आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। जुग-जुग जियो.'

Hanuman Chalisa Gift Donald Trump
स्टीफन मिलर कौन हैं? जिन्हें ट्रंप ने चुनाव हारने के बाद चीफ ऑफ स्टाफ बनाया