नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने खेला खूनी खेल, 20 लोगों की हत्या, दर्जनभर घायल

नाइजीरिया में बंदूकधारियों के एक समुह ने गांव में घुसकर 20 लोगों को जान से मार डाला। घटना नाइजीरिया के जम्फारा राज्य के डैन गुलबी जिले के एक गांव की है। बंदूकधारियों ने घरों और एक मस्जिद में लोगों पर हमले किए।
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने खेला खूनी खेल, 20 लोगों की हत्या, एक दर्जन से ज्यादा घायल 
नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने 20 लोगों की कर दी हत्या (प्रतिकात्मक चित्र)
Published on: 
Updated on: 

अबुजा: पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया में कुछ बंदूकधारियों ने सोने की खदान वाले एक गांव पर हमला बोल दिया। जिसमें कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं।

एक मानवाधिकार समूह की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, घटना नाइजीरिया के जम्फारा राज्य के डैन गुलबी जिले के एक गांव की है। जानकारी के अनुसार कुछ हथियारबंद लोग मोटरसाइकिलों से गांव में घुसे और लोगों के घरों में जा-जाकर लोगों को मारने लगे।

अचानक हमले से गांव में मची अफरा-तफरी

मानवाधिकार समूह ने बताया कि अचानक हुए हमले से गांव के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग डर से जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। बंदूकधारियों के जाने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को फौरन पास के सरकारी अस्पताल तक पहुंचाया और चश्मदीदों से पुछताछ करते हुए अपनी जांच शुरू कर दी।

पहले सोने की खदान को बनाया निशाना

मानवाधिकार समूह ने बताया कि बंदूकधारियों ने सबसे पहले सोने की एक खदान को निशाना बनाकर 14 लोगों की हत्या की। इसके बाद उन्होंने घरों और एक मस्जिद में लोगों पर हमले किए। इन हमलों में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

समूह ने कहा कि बंदूकधारियों ने यह हमला क्यों किया और उनका मकसद क्या था ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन इस प्रकार के आतंकी समूह संघर्ष-ग्रस्त उत्तरी क्षेत्र में फिरौती के लिए सामूहिक हत्याएं एवं अपहरण करने के लिए जाने जाते हैं।

हमलावरों की पहचान करने में जुटी पुलिस

वहीं पुलिस ने अपनी शुरूआती जांच के बाद कहा है कि वह घटना के समय मौजूद लोगों से बात करके हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, साथ ही ये जानने की भी  कोशिश कर रहे हैं कि वो किस आतंकी संगठन के सदस्य थे और उनका मकसद क्या था। पुलिस ने कहा कि वो बहुत जल्द हमलावरों का पता लगा लेंगे।

बता दें कि नाइजीरिया का उत्तरी क्षेत्र काफी हिंसाग्रस्त है, जहां कई इस्लामिक आतंकी संगठन सक्रिय है। जो नाइजीरिया में रहने वाले ईसाई और अन्य समुदाय के लोगों को अपना  निशाना बनाते रहते हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com