हार के बाद किया संविधान से खिलवाड़, अब मिली इस देश के पूर्व राष्ट्रपति को 27 साल की सजा

Brazil News hindi: ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को तख्तापलट की साजिश का दोषी ठहराते हुए 27 साल की कैद की सजा सुनाई है। इस फैसले की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप...
हार के बाद किया संविधान से खिलवाड़, अब मिली इस देश के पूर्व राष्ट्रपति को 27 साल की सजा
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो, फोटो ( सो. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Former President of Brazil: ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 27 साल 3 महीने की कैद की सजा सुनाई। उन पर आरोप था कि 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद उन्होंने सत्ता पलटने की साजिश रची थी। 70 वर्षीय बोल्सोनारो को पांच मामलों में दोषी ठहराया गया, जिनमें अधिकतम 43 साल तक की सजा हो सकती थी। लेकिन अदालत ने उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए सजा कम कर दी। फैसले के समर्थन में पाँच में से चार जज रहे। अब माना जा रहा है कि बोल्सोनारो अपनी शेष जिंदगी का बड़ा हिस्सा जेल में गुजार सकते हैं।

यह मुद्दा उस समय और ज्यादा चर्चा में आ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस सजा की आलोचना की। व्हाइट हाउस से निकलने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने बोल्सोनारो को एक शानदार इंसान बताते हुए इस फैसले को ब्राजील के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ब्राजील से आने वाले उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगाया जा सकता है। ट्रंप ने इसे राजनीतिक प्रताड़ना का मामला भी कहा।

मार्को रुबियो ने दी चेतावनी

वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसे अनुचित करार देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी, हालांकि उन्होंने साफ नहीं किया कि कदम क्या होंगे। माना जा रहा है कि इससे ब्राजील और अमेरिका के बीच पहले से तनावपूर्ण रिश्ते और बिगड़ सकते हैं। वहीं, बोल्सोनारो की कानूनी टीम ने घोषणा की है कि वे इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की 11 सदस्यीय पीठ में अपील करेंगे। फिलहाल बोल्सोनारो नजरबंद हैं और उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है।

अगले साल हो सकता है चुनाव

ब्राजील में एक अन्य मामले में पहले ही फैसला आ चुका है, जिसके तहत बोल्सोनारो को 2030 तक किसी भी सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है। अब उनके समर्थक संसद में उनके लिए माफी की मांग उठाने की तैयारी कर रहे हैं। माना जा रहा है कि उनके करीबी सांसद इस दिशा में पहल कर सकते हैं, जिससे देश की राजनीति में और ज्यादा हलचल मच सकती है। साथ ही, बोल्सोनारो समर्थक अगले साल होने वाले चुनाव में उनके किसी विश्वासपात्र को मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा के खिलाफ मैदान में उतारने की रणनीति बना रहे हैं।