नहीं रहा फैशन का बादशाह, Giorgio अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन, पीछे छोड़ गए इतनी दौलत

Entertainment News: जियोर्जियो अरमानी, फैशन की दुनिया के दिग्गज, का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने "अरमानी" ब्रांड के जरिए सादगी और शान का अनोखा मेल प्रस्तुत किया।
नहीं रहा फैशन का बादशाह, Giorgio अरमानी का 91 साल की उम्र में निधन, पीछे छोड़ गए इतनी दौलत
जियोर्जियो अरमानी (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Giorgio Armani Death: दुनिया के सबसे प्रसिद्ध फैशन डिजाइनरों में से एक, जियोर्जियो अरमानी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अरमानी ग्रुप ने गुरुवार को उनके निधन की पुष्टि की। अपने जीवन के अंतिम समय तक वे फैशन की दुनिया में सक्रिय रहे और कंपनी की योजनाओं पर काम करते रहे।

1934 में इटली के पियासेंजा शहर में जन्मे, अरमानी ने अपने करियर की शुरुआत मेडिकल की पढ़ाई से की थी, लेकिन जल्द ही उनका रुझान फैशन की ओर हो गया। 1975 में उन्होंने अपना ब्रांड "अरमानी" शुरू किया और कुछ ही वर्षों में अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत में अपनी पहचान बना ली।

हॉलीवुड सितारों की पहली पसंद

अरमानी ने फैशन में सादगी और शान का अनोखा मेल प्रस्तुत किया। उनके डिजाइन खासतौर पर क्लासिक सूट, रेड कार्पेट गाउन, और एलिगेंट वियर के लिए पहचाने जाते थे। हॉलीवुड सितारों से लेकर दुनिया के सबसे बड़े नेता तक उनके डिज़ाइनों के दीवाने थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक  जियोर्जियो अरमानी की नेट वर्थ करीब 12.1 बिलियन डाॅलर है। कंपनी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, जियोर्जियो अरमानी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने अपने अंतिम समय प्रियजनों के बीच बिताया और आखिरी दिनों तक कंपनी के भविष्य के लिए समर्पित रहे। बयान में यह भी कहा गया कि, “अरमानी ने इस कंपनी को परिवार की भावना से बनाया और दूरदर्शिता, जुनून और समर्पण के साथ उसका नेतृत्व किया। उनका प्रभाव हमेशा हमारी सोच और काम में झलकता रहेगा।”

फैशन की दुनिया में पसरा सन्नाटा

अरमानी का फैशन ब्रांड केवल कपड़ों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने होटल, होम डेकोर, एसेसरीज़, और फूड प्रोडक्ट्स जैसे क्षेत्रों में भी विस्तार किया। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने अपनी कार बेचकर ब्रांड की नींव रखी थी। सिर्फ सात साल में वे टाइम मैगजीन के कवर पर नजर आए, इससे उनकी सफलता के प्रतीक के तौर पर देखा जा सकता है।

उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, और इसी कारण वह जून में हुए मिलान फैशन वीक में शामिल नहीं हो सके यह पहला मौका था जब वे अपने ही शो में नहीं पहुंचे। उनकी मृत्यु से फैशन जगत में गहरा शोक है। लेकिन उनका काम, उनकी सोच और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com