...तो अगले ही दिन बनाऊंगा नई पार्टी, एलन मस्क ने ट्रंप को दिया खुला चैलेंज

मस्क ने ट्रंप के इस 'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' को पागलपन बताया है। साथ ही कहा है कि ये आम टैक्‍सपेयर्स पर बोझ की तरह होगा।
...तो अगले ही दिन बनाऊंगा नई पार्टी, एलन मस्क ने ट्रंप को दिया खुला चैलेंज
एलन मस्क, राष्ट्रपति ट्रंप
Published on
Updated on

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी रहे अरबपति एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति के 'वन बिग, ब्यूटीफुल बिल' को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक बार फिर उन्होंने इस बिल की कड़ी आलोचना करते हुए एक नया चैलेंज दे डाला है। उन्‍होंने कहा कि अगर सीनेट इस कानून को मंजूरी देती है, तो वो अगले ही दिन 'अमेरिकन पार्टी' नाम से एक नई पॉलिटिकल पार्टी बनाएंगे। एलन मस्क ने ट्रंप के इस बिल को पागलपन करार दिया है। साथ ही कहा है कि यह आम टैक्‍सपेयर्स पर बोझ की तरह होगा।

क्‍या है ये बिल?

'वन बिग ब्यूटीफुल बिल' टैक्स कटौती, सेना का बजट बढ़ाने तथा अवैध प्रवासियों की बड़े पैमाने पर देश से निकालने जैसी योजनाओं पर खर्च बढ़ाने से संबंधित है, जिसका एलन मस्‍क शुरू से खुलकर विरोध करते रहे हैं।

• ट्रंप इस विधेयक के माध्यम से 2017 में लागू की गई टैक्स कटौती को आगे भी जारी रखना चाहते हैं।

• इस बिल में कुल 4.5 ट्रिलियन डॉलर के खर्च का प्रावधान किया गया है।

• इसमें सेना पर अधिक खर्च, सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने और अवैध प्रवासियों की वापसी (डिपोर्टेशन) के लिए बजट शामिल है।

आलोचकों का कहना है कि इस विधेयक से अमेरिका का राष्ट्रीय कर्ज 3.3 ट्रिलियन डॉलर और अधिक हो जाएगा, जिससे गरीबों के लिए हेल्थकेयर में लगभग 1 ट्रिलियन डॉलर की कटौती होगी।

क्या बोले एलन मस्क

एलन मस्क ने इस बिल का कड़ा विरोध करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि 'हर वो सांसद जो खर्च कम करने की बात करता है और फिर इस ऐतिहासिक कर्ज बढ़ाने वाले बिल के पक्ष में वोट देता है, उसे शर्म आनी चाहिए।' टेस्ला के सीईओ ने आगे कहा कि 'अगर इस बिल के पक्ष में किसी ने वोट किया, तो अगले साल मैं उन्हें उनके प्राइमरी चुनाव में हराकर ही दम लूंगा– चाहे इसके लिए मुझे कुछ भी करना पड़े।'

नई पार्टी बनाएंगे

मस्क ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर ये बिल पास होता है, तो वह एक नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने लिखा कि 'अगर ये पागलपन भरा खर्च वाला बिल पास हो गया, तो अगली सुबह अमेरिकन पार्टी बना दी जाएगी। अब समय आ गया है कि लोगों को डेमोक्रेट्स तथा रिपब्लिकन्स के अलावा भी कोई विकल्प मिले।'

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com