

वाशिंगटन: टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क ने नई राजनीतिक पार्टी ‘अमेरिका पार्टी’ बनाने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद से सोशल मीडिया में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या मस्क 2028 में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में हिस्सा लेने वाले हैं? क्या वे ट्रंप अमेरिका के अगले राष्ट्रपति बन सकते हैं? चलिए आपको अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव और इनसे जुड़े नियमों के बारे में बताते हैं।
मस्क ने अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘अमेरिका पार्टी’ का ऐलान 4 जुलाई को अमेरिका के 249वें स्वतंत्रता दिवस के बाद किया। दरअसल, इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने नए ‘वन बिग ब्यूटीफुल कानून’ को लागू कर दिया। मस्क इसका विरोध कर रहे थे, और अब इसके लागू होने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी का ऐलान कर दिया है।
राजनीतिक पार्टी के ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर चर्चा हो रही है कि क्या मस्क 2028 में राष्ट्रपति पद के चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। यूजर ने ट्विटर (अब एक्स) पर मस्क से पूछा, "आपकी 'मिडटर्म या 2028' के लिए क्या योजना है?" इसके जवाब में मस्क ने कहा, "अगले साल।" उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी आगामी मिडटर्म चुनावों में सक्रिय रूप से भाग लेगी, और शुरुआत में पार्टी कुछ विशेष कांग्रेस और सीनेट सीटों पर उम्मीदवारों का समर्थन करेगी।
एलन मस्क ने अपनी पार्टी को लेकर कहा कि उनकी यह नई पार्टी अमेरिका के दो-दलीय व्यवस्था के खिलाफ एक वैकल्पिक मंच होगी। यह आम जनता, यानी आपकी आजादी को लौटाने के लिए बनाई गई है। अमेरिका में मुख्यतौर पर दो पार्टी डेमोक्रेटिक-रिपब्लिकन हैं। हर चुनाव में मुख्य रूप से इन्हीं दोनों में मुकाबला होता है। मस्क अपनी पार्टी को इसका विकल्प बनाना चाहते हैं।
अमेरिका के संविधान को ध्यान में रखकर कहा जाए तो मस्क कभी भी अमेरिका के राष्ट्रपति नहीं बन सकते हैं। अमेरिकी संविधान के अनुच्छेद II, खंड 1 के अनुसार, राष्ट्रपति वही व्यक्ति बन सकता है जिसका जन्म अमेरिका में हुआ हो। अगर किसी का जन्म अमेरिका में नहीं हुआ है, तो वह राष्ट्रपति पद के लिए पात्र नहीं हो सकता। चूंकि मस्क का जन्म साउथ अफ्रीका में हुआ है, इसलिए वे राष्ट्रपति बनने के लिए संविधानिक रूप से योग्य नहीं हैं। हालांकि, यदि उनकी पार्टी चुनाव जीतती है, तो वे अपने पसंदीदा उम्मीदवार को राष्ट्रपति बना सकते हैं।