

Eknath Shinde Honored With Three Awards: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के जनकल्याणकारी कार्यों और नेतृत्व की गूंज अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी सुनाई दे रही है। दो दिवसीय लंदन दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को तीन प्रमुख और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
इस वैश्विक सम्मान से न केवल शिवसैनिकों में बल्कि दुनिया भर में बसे मराठी समुदाय में भारी उत्साह और गर्व का माहौल है।
लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे पर उतरते ही उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का स्थानीय मराठी समुदाय द्वारा अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया गया।
पारंपरिक वेशभूषा में सजे मराठी भाइयों और बहनों ने ढोल-ताशों की गूंज के बीच 'जय भवानी, जय शिवाजी' और 'लाडकी बहनों के लाडले भाई की जय हो' के जोरदार नारे लगाए। पूरा एयरपोर्ट परिसर मराठी संस्कृति के रंगों और उत्साहवर्धक नारों से गूंज उठा।
लंदन में आयोजित अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को उनके पारदर्शी शासन और नागरिक-केंद्रित नीतियों के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
कॉमनवेल्थ पब्लिक लीडरशिप रिकग्निशन पुरस्कार: ब्रिटिश संसद के प्रतिष्ठित 'हाउस ऑफ लॉर्ड्स' में उन्हें कॉमनवेल्थ पब्लिक लीडरशिप रिकग्निशन पुरस्कार से नवाजा गया।
स्टेट्समैनशिप अवॉर्ड: ब्रिटिश संसद के ही 'हाउस ऑफ कॉमन्स' में आयोजित 'इंटरनेशनल कॉन्क्लेव 2026' के दौरान उन्हें स्टेट्समैनशिप अवॉर्ड प्रदान किया गया।
ग्लोबल प्राइड ऑफ महाराष्ट्र पुरस्कार: स्थानीय महाराष्ट्र मंडल की ओर से उन्हें वैश्विक स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने के लिए ग्लोबल प्राइड ऑफ महाराष्ट्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में पुरस्कार ग्रहण करते हुए एकनाथ शिंदे ने जय महाराष्ट्र का निनाद किया। उन्होंने हाउस ऑफ लॉर्ड्स और हाउस ऑफ कॉमन्स दोनों सदनों में अपने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के राज्य सरकार के दूरदर्शी रोडमैप और विजन को वैश्विक मंच के सामने रखा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान के लिए एकनाथ शिंदे के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान उपमुख्यमंत्री कार्यकाल की पारदर्शी तथा जन-केंद्रित कार्यप्रणाली को आधार बनाया गया। विशेष रूप से उनकी तीन जनकल्याणकारी योजनाओं की लंदन में जमकर सराहना की गई।
मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई इस योजना का वैश्विक स्तर पर विशेष उल्लेख हुआ।
शासन आपल्या दारी: आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और दस्तावेजों का लाभ सीधे उनके घर तक पहुंचाने की इस अभिनव पहल को सराहा गया।
मुख्यमंत्री युवा कार्य प्रशिक्षण योजना: युवाओं को व्यावहारिक कार्य अनुभव, कौशल विकास और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाली इस योजना की भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई।
एकनाथ शिंदे के इस अंतरराष्ट्रीय बहुमान से महाराष्ट्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का परचम अब सात समंदर पार ब्रिटेन में भी लहरा गया है।