आर्थिक संकट: राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने रानिल विक्रमसिंघे को बनाया श्रीलंका का नया प्रधानमंत्री
- Written By: शुभम सोनडवले
ANI Photo
कोलंबो. श्रीलंका में विपक्ष के नेता रानिल विक्रमसिंघे (Ranil Wickremesinghe) को बृहस्पतिवार को देश के नये प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गयी। कुछ दिन पहले ही महिंदा राजपक्षे (Mahinda Rajapakse) ने देश के बिगड़ते आर्थिक हालात के मद्देनजर हुई हिंसक झड़पों के बाद प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) के 73 वर्षीय नेता विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे (President Gotabaya Rajapaksa) ने प्रधानमंत्री नियुक्त किया। इससे पहले दोनों ने बुधवार को बंद कमरे में बातचीत की थी। श्रीलंका के चार बार प्रधानमंत्री रह चुके विक्रमसिंघे को अक्टूबर 2018 में तत्कालीन राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना ने प्रधानमंत्री पद से हटा दिया था। हालांकि दो महीने बाद ही सिरीसेना ने उन्हें इस पद पर बहाल कर दिया था।
United National Party leader Ranil Wickremesinghe sworn in as the Prime Minister of Sri Lanka. pic.twitter.com/6bCdDtAkFK — ANI (@ANI) May 12, 2022
सम्बंधित ख़बरें
OCI कार्ड से लेकर छात्रवृत्ति तक… उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन की यात्रा से श्रीलंका में निवेश की नई राहें खुली
श्रीलंका दौरे पर जाएंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, ‘पड़ोसी पहले’ की नीति को मिलेगी नई मजबूती
श्रीलंका में ‘कोयला घोटाले’ की आंच: ऊर्जा मंत्री कुमार जयकोडी का इस्तीफा, NPP सरकार को लगा पहला बड़ा झटका
मुसीबत में चीन ने फेरा मुंह, भारत बना संकटमोचक! श्रीलंका को भेजी तेल की बड़ी खेप, राष्ट्रपति ने जताया आभार
सूत्रों के अनुसार सत्तारूढ़ श्रीलंका पोदुजाना पेरामुना (एसएलपीपी), विपक्षी समगी जन बालावेगाया (एसजेबी) के एक धड़े और अन्य कई दलों ने संसद में विक्रमसिंघे के बहुमत साबित करने के लिए अपना समर्थन जताया है।
देश की सबसे पुरानी पार्टी यूएनपी 2020 के संसदीय चुनावों में एक भी सीट नहीं जीत सकी थी और यूएनपी के मजबूत गढ़ रहे कोलंबो से चुनाव लड़ने वाले विक्रमसिंघे भी हार गये थे। बाद में वह सकल राष्ट्रीय मतों के आधार पर यूएनपी को आवंटित राष्ट्रीय सूची के माध्यम से संसद पहुंच सके। उनके साथी रहे सजीत प्रेमदासा ने उनसे अलग होकर अलग दल एसजेबी बना लिया जो मुख्य विपक्षी दल बन गया।
विक्रमसिंघे को दूरदृष्टि वाली नीतियों के साथ अर्थव्यवस्था को संभालने वाले नेता के तौर पर व्यापक स्वीकार्यता है। उन्हें श्रीलंका का ऐसा राजनेता माना जाता है जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग भी जुटा सकते हैं। श्रीलंका 1948 में ब्रिटेन से स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद से सबसे बुरे आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहा है। (एजेंसी)
