

Donald Trump Warns France on Tariffs: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस को डिजिटल सेवा कर (DST) को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि यदि फ्रांस अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर लगाया गया डिजिटल सेवा कर तुरंत समाप्त नहीं करता, तो अमेरिका फ्रांस से आने वाली वाइन, शैंपेन और अन्य संबंधित शराब उत्पादों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगा सकता है।
रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से सीधे कहा है कि अमेरिकी टेक कंपनियों पर लगाया गया यह कर समाप्त किया जाए। उनका कहना है कि यह कर अमेरिकी कंपनियों के खिलाफ भेदभावपूर्ण है और इसे जारी रखना उचित नहीं है। ट्रंप ने कहा कि यदि फ्रांस यह कर हटा देता है, तो अतिरिक्त टैरिफ लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
फ्रांस ने वर्ष 2019 में बड़ी डिजिटल और टेक्नोलॉजी कंपनियों पर 3 प्रतिशत डिजिटल सेवा कर लागू किया था। यह कर उन कंपनियों पर लागू होता है जो फ्रांस में राजस्व अर्जित करती हैं। इसके दायरे में फेसबुक, अमेजन, एप्पल और गूगल जैसी प्रमुख अमेरिकी कंपनियां आती हैं। फ्रांस का तर्क है कि ये कंपनियां देश में भारी मुनाफा कमाती हैं, लेकिन अपेक्षित कर का भुगतान नहीं करतीं।
फ्रांसीसी वाइन और स्पिरिट निर्यातकों के महासंघ (FEVS) के अनुसार, अमेरिका फ्रांसीसी वाइन और स्पिरिट उत्पादों का सबसे बड़ा आयातक है। पिछले वर्ष फ्रांस के कुल वाइन और स्पिरिट निर्यात का लगभग 21 प्रतिशत हिस्सा अमेरिका गया था। ऐसे में यदि 100 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाता है, तो फ्रांस के वाइन उद्योग को बड़ा आर्थिक झटका लग सकता है।
ये भी पढ़ें-
पहले भी दे चुके हैं ऐसी धमकी
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने फ्रांसीसी उत्पादों पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है। अपने पहले कार्यकाल में भी उन्होंने डिजिटल सेवा कर के विरोध में फ्रांसीसी शैंपेन और पनीर पर शुल्क बढ़ाने की धमकी दी थी। अब एक बार फिर दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।