

Highlights:
ट्रंप ने यूक्रेन में नए राष्ट्रपति चुनाव कराने की वकालत करते हुए जेलेंस्की की आलोचना की।
अमेरिका ने रूस से डीजल खरीदने की घोषणा की, जिस पर यूक्रेन ने कड़ी आपत्ति जताई।
ट्रंप ने दावा किया कि यूक्रेन अपने लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र पर नियंत्रण खो चुका है।
जापोरिज्जिया में रूसी हवाई हमलों में तीन बच्चों समेत 20 लोगों की मौत हुई।
जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस से डीजल खरीदने से उसकी युद्ध लड़ने की क्षमता बढ़ सकती है।
Trump Said Ukraine should Replace President: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अब समय आ गया है कि यूक्रेन को अपना नया राष्ट्रपति चुन लेना चाहिए। उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की आलोचना करते हुए कहा है कि अब जनता को ऐसा नेता चुनने की जरूरत है, जो रूस के साथ युद्ध खत्म करने और समझौते के बारे में सोचता हो। ट्रंप ने यह बयान रूस के साथ बड़ी मात्रा में डीडल खरीदने की घोषणा करते हुए दिया।
यूक्रेन ने ट्रंप के इस फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि इससे रूस की ऊर्जा से होने वाली कमाई बढ़ेगी और वह इन पैसों का इस्तेमाल यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में हथियार खरीदने के लिए कर सकता है। ट्रंप ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए जेलेंस्की को बदलने की बात कही।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मेरा सुझाव है कि यूक्रेन की जनता को अब एक नया नेता चुनना चाहिए, जो समझौता कर सके। जेलेंस्की किसी वजह से ऐसा भी नहीं करना चाहते हैं। ट्रंप ने दावा किया कि यदि वह 2022 में अमेरिका के राष्ट्रपति होते, तो रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध शुरू ही नहीं होता। उनके मुताबिक, इस संघर्ष के पीछे कोई उचित वजह नहीं थी और यह अक्षमता के कारण शुरू हुआ।
ट्रंप ने शुक्रवार को रूस से डीजल खरीदने के समझौते की घोषणा की। इस फैसले को रूस पर दबाव बनाने और उसकी ऊर्जा से होने वाली कमाई पर अंकुश लगाने की अमेरिकी नीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। ट्रंप ने यह कदम अमेरिका में बढ़ती ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने और मध्यावधि चुनावों से पहले आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से उठाया है।
ट्रंप के मुताबिक, रूस तत्काल तीन लाख टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा। इसके बाद नवंबर में पांच लाख टन डीजल भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके तुरंत बाद 10 लाख टन डीजल की एक और खेप आएगी। इसके अलावा, ट्रंप ने दावा किया कि रूस कम समय के भीतर अतिरिक्त 30 लाख टन डीजल की आपूर्ति भी करेगा।
जेलेंस्की की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन अपने लगभग 30 प्रतिशत क्षेत्र पर नियंत्रण खो चुका है। उन्होंने यह भी दावा किया कि युद्ध में दोनों पक्षों के 20 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ट्रंप ने कहा कि यह ऐसा युद्ध था, जिसे शुरू ही नहीं होना चाहिए था। उनके अनुसार, मौजूदा हालात में यूक्रेन के लिए नया राष्ट्रपति चुनने का समय आ गया है, ताकि रूस के साथ समझौते की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
रूस से डीजल खरीदने के समझौते की घोषणा के अगले दिन शनिवार को यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में रूसी हवाई हमलों में कम से कम 20 लोगों की जान चली गई। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल थे, जबकि कम से कम 18 लोग घायल हुए। इसके अलावा, यूक्रेन की राजधानी कीव में दिन के समय हुए मिसाइल हमले में चार लोग घायल हो गए।
वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट करते हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि, आज रूस ने डीजल निर्यात पर प्रतिबंध हटाने के लिए धन्यवाद जताते हुए जापोरिज्जिया की रिहायशी इमारतों पर पांच ग्लाइड बम गिराए। उन्होंने कहा कि इन हमलों से जाहिर होता है कि रूस प्रतिबंधों में किसी भी तरह की ढील को युद्ध जारी रखने और शहरों पर बमबारी करने की छूट के रूप में देखता है।