

Trump on US-Iran War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान को पूर्ण विनाश करार देते हुए तीखा बयान जारी किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका ईरान के आतंकवादी शासन को सैन्य, आर्थिक और हर मोर्चे पर पूरी तरह तबाह कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना, वायुसेना, मिसाइलें, ड्रोन और नेतृत्व सब कुछ नष्ट हो चुका है।
ट्रंप ने कहा, "हम ईरान के आतंकवादी शासन को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं- सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीकों से। अगर आप 'न्यूयॉर्क टाइम्स' पढ़ते हैं, तो आपको यह गलतफहमी हो सकती है कि हम जीत नहीं रहे हैं। ईरान की नौसेना अब खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना अस्तित्व में नहीं है, मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सभी चीजें तबाह हो रही हैं, और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि, हमारे पास बेजोड़ मारक क्षमता है, असीमित गोला-बारूद है, और हमारे पास काफी समय है। देखिए आज इन पागल और नीच लोगों का क्या हश्र होता है।" उन्होंने कहा कि ईरान पिछले 47 सालों से पूरी दुनिया में बेकसूर लोगों को मारता आ रहा है और अब वह, संयुक्त राज्य अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर, इसे खत्म कर रहे हैं।
यह बयान ईरान के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन एपिक फ्यूरी के संदर्भ में आया है, जिसमें अमेरिकी सेना ने दावा किया कि ईरान की नौसेना के दर्जनों जहाज डुबो दिए गए हैं, वायु रक्षा प्रणाली और रडार नष्ट हो गए हैं, मिसाइल लॉन्चरों का एक बड़ा हिस्सा तबाह किया गया है, और ड्रोन उत्पादन क्षमता लगभग समाप्त हो गई है। ट्रंप ने इससे पहले भी कहा था कि ईरान की पूरी नौसेना समुद्र तल में है और उनकी वायुसेना भी पूरी तरह नष्ट हो चुकी है।
यह बयान उस वक्त आया जब जंग 14 दिनों से जारी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने वीडियो जारी कर ईरान के नौसैनिक ठिकानों पर हमलों के फुटेज दिखाए हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा कि यह जंग हमने शुरू नहीं की, लेकिन ट्रंप के नेतृत्व में हम इसे समाप्त कर रहे हैं।