

Afghanistan Drone Attack Pakistan: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच हाल के तनाव ने अब एक बड़े सैन्य संघर्ष की ओर कदम बढ़ाया है। पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के कई प्रांतों पर देर रात हवाई हमले किए जाने के बाद, तालिबान और अफगान डिफेंस फोर्सेज ने बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, अफगान सेना ने पाकिस्तान के विभिन्न शहरों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए हैं।
पाकिस्तान ने गुरुवार रात और शुक्रवार तड़के अफगानिस्तान के कई क्षेत्रों में एयरस्ट्राइक की थी, जिसके परिणामस्वरूप चार लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए थे। तालिबान सरकार ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तान ने जानबूझकर रिहाईशी इलाकों पर हमला किया। जिसमें कई महिलाओं और बच्चों की जान चली गई।
अफगान तालिबान के सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता, अबिदुल्लाह उकाब ने बताया कि अफगान सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ जवाबी हमले शुरू कर दिए हैं। उनके अनुसार, इन हमलों में पाकिस्तान के कई सैन्य केंद्रों को निशाना बनाया गया है, जिसमें कोहाट का सेंट्रल कमांड, कोहाट ब्रिगेड और कैंप शामिल हैं। पाकिस्तान के विभिन्न शहरों में धमाकों की खबरें आ रही हैं, और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
तालिबान ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह ऑपरेशन अभी थमा नहीं है और उनका अभियान जारी रहेगा। तालिबान के एक प्रवक्ता ने कहा, "हमारी जमीन पर होने वाले हर हमले का जवाब अब उनकी जमीन पर दिया जाएगा।" सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी गोलाबारी और सैन्य हलचल बढ़ गई है, जिससे तनाव और अस्थिरता बढ़ रही है। पाकिस्तान इन हमलों को आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई बता रहा है, जबकि अफगानिस्तान इसे अपनी संप्रभुता पर हमला मानते हुए आक्रामक रुख अपना रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर जल्दी कोई संघर्ष विराम नहीं हुआ, तो यह छोटी सी झड़प एक बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकती है। इस स्थिति ने दक्षिण एशिया में अस्थिरता का नया दौर शुरू कर दिया है, जो केवल समय की बात है कि यह क्षेत्रीय संकट और व्यापक रूप से फैलता है।