‘250% टैरिफ लगाऊंगा, फिर कारोबार भूल जाना’, ट्रंप बोले- भारत-पाकिस्तान को धमकी देकर मैंने लड़ाई रुकवाई

India-Pakistan Conflict: ट्रंप ने दावा किया कि 250 प्रतिशत टैरिफ की धमकी देकर उन्होंने भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाया। हालांकि, भारत ने अमेरिकी मध्यस्थता के दावे को खारिज किया है।
Donald Trump Claims Stopped India-Pakistan conflict
अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप।सोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का फिर श्रेय खुद को दिया।

  • दावा किया कि 250% टैरिफ की धमकी के बाद दोनों देशों ने गोलीबारी रोकी।

  • ट्रंप ने संघर्ष के दौरान 11 विमान गिराए जाने का भी दावा किया।

  • भारत ने तीसरे देश की मध्यस्थता के दावे को खारिज किया।

  • भारत के मुताबिक, पाकिस्तान DGMO ने सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया।

  • पहलगाम आतंकी हमले के बाद 7 मई को शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर।

Donald Trump Claims ON India-Pakistan Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने का श्रेय खुद को दिया है। फ्लोरिडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों को अमेरिका पर व्यापारिक निर्भरता का हवाला देते हुए 250 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। उनके मुताबिक, इस धमकी के बाद दोनों देशों ने गोलीबारी रोक दी और संघर्ष समाप्त हो गया। हालांकि, भारत पहले ही ट्रंप के ऐसे दावों को खारिज कर चुका है।

ट्रंप बोले- व्यापार बंद होने के डर से पीछे हटे दोनों देश

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, फ्लोरिडा की रैली में ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों से लैस हैं और उनके बीच टकराव रोकना बड़ी चुनौती थी। ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने दोनों देशों से कहा था कि यदि सैन्य कार्रवाई जारी रही, तो अमेरिका उनके खिलाफ 250 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा और उनके लिए अमेरिकी बाजार में कारोबार करना मुश्किल हो जाएगा।

ट्रंप के अनुसार, दोनों देश उनकी चेतावनी से नाराज हुए, लेकिन अंततः उन्होंने गोलीबारी बंद कर दी। उन्होंने यह भी दावा किया कि संघर्ष के दौरान 11 विमान गिराए गए थे। हालांकि, विमानों को लेकर किए गए उनके दावे की स्वतंत्र पुष्टि और भारत की ओर से इसकी स्वीकारोक्ति का सवाल अलग है। ट्रंप ने रैली में यह भी कहा कि उन्होंने कई युद्धों को रुकवाने में भूमिका निभाई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला।

भारत ने खारिज की मध्यस्थता की बात

भारत का रुख ट्रंप के दावों से अलग रहा है। भारतीय पक्ष के मुताबिक, भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने की प्रक्रिया में किसी तीसरे देश की मध्यस्थता नहीं हुई थी। भारत ने स्पष्ट किया था कि 10 मई को पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने अपने भारतीय समकक्ष से संपर्क किया और सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर रोकने का अनुरोध किया।

Donald Trump Claims Stopped India-Pakistan conflict
Earthquake: अफगानिस्तान और तिब्बत में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर 4.0 और 4.6 रही तीव्रता

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस अभियान के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत ने इसे आतंकी हमले के जवाब में की गई कार्रवाई बताया था।

इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव बढ़ा। भारतीय पक्ष के अनुसार, 10 मई को पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किए जाने के बाद दोनों देशों के बीच कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी। ट्रंप लगातार इस घटनाक्रम को अपनी कूटनीतिक सफलता बताते रहे हैं, जबकि भारत ने संघर्ष विराम की प्रक्रिया को लेकर उनके दावों से असहमति जताई है।

Donald Trump Claims Stopped India-Pakistan conflict
चर्च में घुसे बंदूकधारी, कई मिनट तक बरसाईं गोलियां; जॉर्डन में 7 की मौत
Navbharat Live
navbharatlive.com