कनाडा में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, गैंगवार से जुड़ा है मामला; पुलिस जांच में बड़ा खुलासा

Canada Shooting News: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में 28 वर्षीय भारतीय युवक दिलराज सिंह गिल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह मामला गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
Indian man shot dead in Canada; the incident is linked to gang violence; police investigation reveals major details.
कनाडा में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Indian Youth Killed in Canada: कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में भारतीय मूल के एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई है। यह मामला वैंकूवर क्षेत्र में चल रहे गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई है जो वैंकूवर का निवासी था।

बर्नाबी पुलिस और कनाडाई इंटीग्रेटेड होमिसाइड इन्वेस्टिगेशन टीम (IHIT) के अनुसार, यह घटना 22 जनवरी को शाम करीब 5:30 बजे हुई। पुलिस को कनाडा वे के 3700 ब्लॉक इलाके में गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घायल युवक को बचाने के लिए तुरंत मेडिकल सहायता दी गई लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में उसकी पहचान दिलराज सिंह गिल के रूप में हुई।

कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संपर्क में था दिलराज

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दिलराज पहले से ही कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संपर्क में था। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध और लक्षित था। घटना के कुछ समय बाद ही बक्सटन स्ट्रीट के 5000 ब्लॉक में एक जला हुआ वाहन भी मिला। जांचकर्ताओं को आशंका है कि इस वाहन का इस्तेमाल हमलावरों ने वारदात के बाद भागने के लिए किया होगा। पुलिस अब इस वाहन से जुड़े सुरागों की गहन जांच कर रही है। आईएचआईटी की सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने बताया कि बर्नाबी आरसीएमपी, फॉरेंसिक टीम और बीसी कोरोनर्स सर्विस के साथ मिलकर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर गोलीबारी की घटना पूरे समुदाय के लिए चिंता का विषय है।

पुलिस ने किया नागरिकों से अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना स्थल के आसपास का सीसीटीवी या डैशकैम फुटेज है तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें। इस घटना के बीच हाल ही में आई एक रिपोर्ट ने भी चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कनाडा में खालिस्तानी उग्रवाद और पंजाबी-कनाडाई गैंग हिंसा के बीच वित्तीय संबंध तेजी से बढ़ रहे हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि ड्रग तस्करी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल राजनीतिक और कथित चैरिटेबल संगठनों के माध्यम से किया जा रहा है। ऐसे में कनाडा सरकार के लिए यह एक गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। अब पुलिस इस हत्याकांड के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)