

लॉस एंजिलिस: अमेरिका के पश्चिमी तटीय क्षेत्र में जंगल की आग के कारण अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों घर जलकर राख हो गए हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में हवाएं और तेज हो सकती हैं, जिससे आग की स्थिति और बिगड़ सकती है। अधिकारियों के अनुसार, आग के कारण अभी तक कम से कम 16 लोग लापता हैं और ये संख्या और भी बढ़ सकती है।
राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बुधवार तक उच्च श्रेणी की चेतावनी जारी करते हुए 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है और वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में हवाओं की गति 113 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी रिच थॉम्पसन ने कहा कि मंगलवार को आग के और भी प्रचंड होने की आशंका रहेगी। लॉस एंजिलिस काउंटी के अग्निशमन प्रमुख एंथनी सी मारोन ने कहा कि आग बुझाने की कवायद में तेजी लाने के लिए पानी के 70 अतिरिक्त ट्रक पहुंचे हैं।
लॉस एंजिलिस काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट लूना ने कहा कि ईटॉन क्षेत्र में आग लगने की घटना में 12 लोगों के लापता होने की सूचना है और पैलिसेड्स से चार लोग लापता हैं।
लूना ने कहा कि रविवार सुबह कई और लोगों के लापता होने की सूचना मिलने की आशंका है और अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि जिन लोगों की अब तक मौत हो चुकी है उनमें से ऐसे लोग कितने हैं जिनके लापता होने की सूचना दर्ज की गई है।
इस बीच, मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। लॉस एंजिलिस काउंटी कोरोनर के कार्यालय ने रविवार शाम एक बयान में कहा कि पैलिसेड्स क्षेत्र में आग के कारण आठ लोगों की जान चली गई जबकि ईटॉन क्षेत्र में आग के कारण 16 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। अधिकारियों ने एक केंद्र स्थापित किया है जहां लापता लोगों की सूचना दर्ज कराई जा सकती है।
अधिकारी आग में क्षतिग्रस्त हुए या तबाह हुए घरों का ऑनलाइन आंकड़ा तैयार कर रहे हैं।
( एजेंसी इनपुट के साथ )