ढाका में ब्लास्ट, प्रदर्शनकारियों को देखते ही गोली मारने का आदेश, हसीना पर ICT के फैसले से पहले बवाल

Dhaka Violent Protests: पूर्व पीएम शेख हसीना पर ICT के फैसले से पहले ढाका में कई जगहों पर बम विस्फोट हुए। पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को देखते ही गोली मारने का आदेश दिया है।
sheikh haseena
शेख हसीना पर ICT के फैसले से पहले ढाका में बम ब्लास्ट, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bangladesh Violence: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक साल बाद फिर हिंसा भड़क उठी है। आज पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) का फैसला आना है। इस फैसले से पहले देश में कई जगहों पर बम धमाकों के बाद दहशत का माहौल है और हाई अलर्ट जारी है।

बांग्लादेश हिंसा को अभी एक साल ही पूरा हुआ था कि देश की राजधानी ढाका में एक बार फिर अफरा-तफरी मच गई है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना पर लगे आरोपों पर आज अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) का फैसला आना है। इस फैसले से पहले देश में व्यापक हिंसा देखने को मिल रही है। समाचार एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने रविवार को ढाका में कई जगहों पर बम धमाके की पुष्टि की है। इन बम विस्फोटों के बाद लोग दहशत में हैं। हालांकि, अभी तक इन धमाकों में किसी जानमाल के नुकसान की खबर सामने नहीं आई है। एक के बाद एक कई धमाकों ने ढाका को झकझोर कर रख दिया है। पूरे बांग्लादेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

हिंसक प्रदर्शनकारियों पर कड़ा एक्शन: गोली मारने का आदेश

ढाका में हिंसक प्रदर्शन लगातार तूल पकड़ रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) आयुक्त शेख मोहम्मद सज्जाद अली ने हिंसा करने वालों को देखते ही गोली मारने का आदेश जारी कर दिया है। इस बीच, देश में हालात बिगड़ने के डर से बांग्लादेश हाई अलर्ट पर है।

हसीना पर क्या हैं आरोप और क्या है अपील?

पूर्व पीएम शेख हसीना पर पिछले साल हुई हिंसा के दौरान मानवता के खिलाफ कदम उठाने का आरोप है। आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने हिंसा पर काबू पाने के लिए प्रदर्शन करने वाले छात्रों के खिलाफ एक्शन लेने का आदेश दिया था। इस मामले पर ICT में बहस चल रही थी, और कोर्ट आज (17 नवंबर 2025) फैसला सुनाने वाला है। हालांकि, शेख हसीना ने अपने ऊपर लगे इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

आवामी लीग का पूर्ण बंद और हसीना की अपील

अदालत के फैसले से ठीक पहले, शेख हसीना ने अपने समर्थकों और लोगों के लिए एक ऑडियो मैसेज जारी किया है। इस मैसेज में उन्होंने लोगों से आंदोलन और तेज करने की अपील की है। वहीं, शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग के समर्थकों ने पूरे बांग्लादेश में पूर्ण बंद की घोषणा कर दी है। इस राजनीतिक उथल-पुथल ने देश में अशांति और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com