

Benjamin Netanyahu Prostate Cancer Recovery News: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया के जरिए साझा किए गए एक पोस्ट में नेतन्याहू ने बताया कि उन्हें कुछ साल पहले कैंसर डिटेक्ट हुआ था। जिसे अब उन्होंने सफलतापूर्वक हरा दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की है कि नेतन्याहू प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित थे।
नेतन्याहू ने बताया कि 2024 में एक नियमित टेस्ट के दौरान उन्हें इस बीमारी की जानकारी मिली थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की और एक सेंटीमीटर का एक छोटा सा ट्यूमर निकाल दिया। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह सर्जरी दिसंबर 2024 में हुई थी, लेकिन उस वक्त इस बात को गोपनीय रखा गया था कि यह कैंसर से संबंधित इलाज है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका यह इलाज यरूशलेम के हदासा अस्पताल में कराया गया था।
अपनी बीमारी को अब तक गुप्त रखने के पीछे की वजह बताते हुए नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने इसे लेकर इसलिए कुछ नहीं लिखा था क्योंकि उन्हें डर था कि ईरान इस खबर का इस्तेमाल उनके खिलाफ 'फेक न्यूज' फैलाने के लिए कर सकता था। उन्होंने लिखा कि अभी तक मैंने इसको लेकर इसलिए कुछ नहीं लिखा, क्योंकि ईरान इस पर फेक न्यूज फैला सकता था। अब, पूरी तरह स्वस्थ होने की रिपोर्ट आने के बाद ही उन्होंने इसे सार्वजनिक करने का फैसला किया।
बेंजामिन नेतन्याहू पिछले 19 वर्षों (1996-1999, 2009-2021 और 2022 से अब तक) से अलग-अलग कार्यकालों में इजरायल के प्रधानमंत्री रहे हैं। उनके नेतृत्व में इजरायल ने गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्लाह जैसे संगठनों के खिलाफ सख्त सैन्य अभियान चलाए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू का अंतिम लक्ष्य मध्य पूर्व में 'ग्रेटर इजरायल' के निर्माण का है।
फिलहाल, नेतन्याहू ने अपनी पोस्ट में विश्वास जताया है कि वे अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश की सेवा के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि मेरी यह नियति है कि मुझे जब भी समस्या के बारे में पता चलता है, मैं तुरंत उसके समाधान पर जुट जाता हूं ।