

नेतन्याहू ने पीएम मोदी को इजरायल के समारोह में आमंत्रित किया
इजरायल ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी सराही
पीएम मोदी ने पायलट की सूझबूझ और साहस की प्रशंसा की
Benjamin Netanyahu PM Modi Call: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। उन्होंने कहा कि इजरायल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है। इस दौरान नेतन्याहू ने पीएम मोदी और फ्लाई दुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल के दिवस समारोह में शामिल होने और रस्मी मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया।
सितंबर के आखिर में दुबई से तेल अवीव आ रहे प्लेन को उसके ओमानी को-पायलट ने जानबूझकर क्रैश कराने की कोशिश की थी। क्योंकि उसमें अधिकतर इजरायली नागरिक थे। हालांकि उसके इरादों पर भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार ने पानी फेर दिया और को-पायलट के हमले से गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी प्लेन की सुरक्षित लैंडिंग करवा के 174 यात्रियों की जान बचाई थी। इजरायल उनके इस साहस के लिए उन्हें देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान से सम्मानित करने वाले हैं।
बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने PM मोदी से बात की थी और उन्हें भारतीय पायलट के साथ मशाल जलाने के समारोह में शामिल होने के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा कि मोदी ने मुझे निमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि जमीन और हवा में, भारत और इजरायल मिलकर आतंकवाद से लड़ रहे हैं। उन्होंने हमारे बीच मजबूत और दशकों पुराने रिश्तों की भी तारीफ की। इसके साथ नेतन्याहू ने अपनी और पीएम मोदी से गले मिलते हुए एक तस्वीर भी शेयर की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इस कॉल की पुष्टि की है। पीएमओ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि नेताओं ने पश्चिमी एशिया में हाल के घटनाक्रम पर विचारों का आदान-प्रदान किया और इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तुरंत जरूरत पर जोर दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने आगे बढ़ने के तरीके के तौर पर बातचीत और डिप्लोमेसी के लिए भारत की अपील को दोहराया। हालांकि, इसमें नेतन्याहू के प्रधानमंत्री मोदी को निमंत्रण का जिक्र नहीं था।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2 अक्टूबर को कैप्टन मच्छार से फोन पर बात की थी, और कॉकपिट हमले के दौरान उनकी हिम्मत और सूझबूझ की तारीफ की थी। उन्होंने वीडियो कॉल पर मच्छार से कहा, आपने कुछ ही सेकंड में इतने सारे फैसले लिए हैं। और आपने इतने सारे लोगों की जान बचाई है। और पूरा देश गर्व से कह सकता है कि हम भारतीय वो नहीं हैं जो जानें लेते हैं। हम वो हैं जो जानें बचाते हैं। वहीं, नेतन्याहू ने कैप्टन मच्छार की असाधारण बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें सच्चा हीरो कहा था।