बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराकर प्लेन के उड़े परखच्चे, मंजर देख सहम गए लोग, देखें खौफनाक VIDEO

China Plane Crash: बीजिंग में एक छोटा विमान 109 मंजिला CITIC टावर (चाइना ज़ुन) से टकरा गया। हादसे के बाद इलाके को सील कर दिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Beijing Plane Crash
बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराकर प्लेन के उड़े परखच्चे(Image- Social Media)
Updated on

Beijing Plane Crash: चीन की राजधानी बीजिंग में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक छोटा विमान शहर की सबसे ऊंची इमारत CITIC टावर (चाइना ज़ुन) से टकरा गया। 109 मंजिला इस प्रतिष्ठित इमारत से टक्कर के बाद मलबा नीचे गिरता दिखाई दिया, जबकि घटनास्थल पर विमान का पिछला हिस्सा और एक क्षतिग्रस्त टैक्सी भी नजर आई।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में हादसे के बाद इमारत से बाहर निकलते लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और एम्बुलेंस की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं सुरक्षा अभियान शुरू किया गया।

इलाके को किया गया सील

हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इमारत के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस लोगों को घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो बनाने से भी रोक रही है। अभी तक इस दुर्घटना में किसी के घायल या मृत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है, इसे लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

घरेलू स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट होने की आशंका

ऑनलाइन सामने आई तस्वीरों के आधार पर विमान का रजिस्ट्रेशन कोड चीन में निर्मित हल्के स्पोर्ट्स एयरक्राफ्ट Sunward SA 60L Aurora से मेल खाता बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह विमान एक स्थानीय जनरल एविएशन कंपनी के बेड़े का हिस्सा है। Flightradar24 डेटा के अनुसार, विमान अपनी निर्धारित उड़ान मार्ग से काफी दूर चला गया था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

बीजिंग में पहले से लागू हैं कड़े उड़ान नियम

गौरतलब है कि 1 मई से बीजिंग में नए सुरक्षा नियम लागू हैं, जिनके तहत ड्रोन उड़ाने पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। शहर के अधिकांश हिस्सों में सरकारी अनुमति के बिना ड्रोन खरीदने, किराए पर लेने या उड़ाने की इजाजत नहीं है।

Navbharat Live
navbharatlive.com