मिडिल ईस्ट तनाव: अबू धाबी का भव्य BAPS हिंदू मंदिर सुरक्षा कारणों से बंद, श्रद्धालुओं के लिए बड़ी एडवाइजरी

BAPS Mandir Advisory: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अबू धाबी का भव्य BAPS हिंदू मंदिर सुरक्षा कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Middle East tensions: Abu Dhabi's grand BAPS Hindu temple closed for security reasons, major advisory for devotees
BAPS हिंदू मंदिर, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

BAPS Hindu Temple Abu Dhabi Closed:  मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य टकराव और सुरक्षा चिंताओं के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की राजधानी अबू धाबी में स्थित ऐतिहासिक BAPS हिंदू मंदिर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

मंदिर प्रशासन ने सोमवार को एक आधिकारिक घोषणा में कहा कि मौजूदा परिस्थितियों और सुरक्षा अलर्ट को देखते हुए मंदिर अगले आदेश तक श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा। यह आदेश वर्तमान में 9 मार्च 2026 से प्रभावी हो गया है।

मंदिर के भीतर जारी रहेगी प्रार्थना

प्रशासन ने साफ किया है कि बाहरी प्रवेश बंद होने के बावजूद मंदिर के आंतरिक धार्मिक अनुष्ठान प्रभावित नहीं होंगे। मंदिर में रहने वाले स्वामी और संत नियमित रूप से मंदिर के भीतर पूजा और प्रार्थना जारी रखेंगे। उनका विशेष ध्यान इस समय क्षेत्र और दुनिया भर में शांति तथा सुरक्षा की स्थापना पर है। मंदिर की ओर से जारी संदेश में लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर यकीन न करें और शांत रहें। स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए लोगों को यथासंभव अपने घरों में ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

वास्तुकला और भव्यता का प्रतीक

अबू धाबी का यह बोचनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण मंदिर (BAPS) न केवल यूएई का सबसे बड़ा हिंदू मंदिर है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शांति और सद्भाव का प्रतीक है। 27 एकड़ में फैले इस विशाल परिसर का निर्माण प्राचीन भारतीय नागर शैली में किया गया है। इस मंदिर की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसके निर्माण में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत आई है। इसके मुख्य ढांचे में 50 हजार घन फीट से अधिक इटैलियन संगमरमर और 18 लाख घन फीट राजस्थानी सैंडस्टोन का उपयोग हुआ है। वास्तुकारों ने इसे बिना किसी लोहे या स्टील के केवल चूना पत्थर और संगमरमर की मदद से तैयार किया है, ताकि यह हजारों वर्षों तक सुरक्षित रह सके।

विविधता में एकता की मिसाल

मंदिर के सात भव्य शिखर संयुक्त अरब अमीरात के सात अमीरातों की एकता को दर्शाते हैं। परिसर के भीतर बनारस के घाटों जैसा अहसास कराने वाला एक एम्फीथिएटर बनाया गया है, जहां प्रतीकात्मक रूप से गंगा, यमुना और सरस्वती (त्रिवेणी संगम) को दिखाया गया है। मंदिर की दीवारों पर हिंदू धर्म और दुनिया की विभिन्न संस्कृतियों की 250 से अधिक कहानियां पत्थर पर उकेरी गई हैं।

इस मंदिर का निर्माण भी एक बड़ी मिसाल है, जिसमें ईसाई आर्किटेक्ट, सिख मैनेजर, बौद्ध डिजाइनर और जैन डायरेक्टर ने मिलकर काम किया है। वर्तमान में, ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण यूएई में भारतीयों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com