

बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा और तनाव की स्थिति बन गई है। देश के कई इलाकों से आगजनी, हमले और बम धमाकों की खबरें सामने आ रही हैं। इस दौरान नोबेल पुरस्कार विजेता और अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के आवास को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि उनके घर में आग लगा दी गई। वहीं, अलग-अलग स्थानों पर हुए धमाकों से लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही हिंसक घटनाओं ने बांग्लादेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच चटगांव के पंचलैश इलाके में मोहम्मद यूनुस के पुश्तैनी मकान को आग के हवाले किए जाने की खबर है। इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं में भी आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, राजधानी ढाका में BNP कार्यकर्ताओं पर अवामी लीग के दो नेताओं के घरों में तोड़फोड़ और आग लगाने का आरोप लगा है। इन घटनाओं ने राजनीतिक दलों के बीच पहले से जारी टकराव को और बढ़ा दिया है।
बांग्लादेश में तनाव की एक बड़ी वजह अवामी लीग की ओर से गुरुवार को घोषित देशव्यापी लॉकडाउन को माना जा रहा है। यह दिन पिछले साल उस विशेष अदालत के फैसले की बरसी है, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में मृत्युदंड सुनाया गया था।
79 वर्षीय शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़ने के पश्चात भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश की मौजूदा सरकार लगातार भारत से उनकी वापसी की मांग कर रही है।
लॉकडाउन के ऐलान के मद्देनजर ढाका पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए 24 घंटे का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान कुल 565 लोगों को गिरफ्तार किया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रह चुके नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं। उन्हें बुधवार देर रात उनके आवास से हिरासत में लिया गया।
बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग की राजनीतिक वापसी को रोकने के लिए लोकतांत्रिक दलों से एकजुट होने की अपील की है। दूसरी ओर, नरैल में BNP के एक मार्च के दौरान हुए हमले में दो स्थानीय नेताओं की जान चली गई। फरिदपुर और पिरोजपुर में भी हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में एक BNP नेता और एक बस कर्मचारी की मौत हुई है।
बीते 48 घंटों के दौरान हिंसा का दायरा कई जिलों तक फैल गया। इस दौरान कम से कम दो BNP कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर को आग लगा दी गई। जवाबी घटनाओं में अवामी लीग के दो कार्यालयों और प्रतिबंधित पार्टी के नेताओं से जुड़ी पांच संपत्तियों को भी निशाना बनाया गया।
हिंसा की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बांग्लादेश के 64 जिलों में से 28 में आगजनी और बम धमाकों की घटनाएं दर्ज की गई हैं। कई स्थानों पर देसी बम फोड़े गए, जबकि वाहनों को भी आग के हवाले किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने संवेदनशील क्षेत्रों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवानों को तैनात किया है। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने स्पष्ट किया है कि हिंसा से जुड़े मामलों में ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग को साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इन सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।