ढाका के पास NCP की रैली में जोरदार बम धमाका, शेख हसीना विरोधी मार्च में मची अफरा-तफरी; कई घायल

NCP Rally Bomb Blast: बांग्लादेश के सावर में NCP की रैली के दौरान हुए बम धमाके में 3 लोग घायल हो गए हैं। यह मार्च शेख हसीना के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित था।
Powerful bomb blast at NCP rally near Dhaka; chaos erupts during anti-Sheikh Hasina march.
NCP की रैली में विस्फोट, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bangladesh NCP Rally Bomb Blast News In Hindi: पड़ोसी देश बांग्लादेश से एक बार फिर हिंसा और अशांति की बड़ी खबर सामने आ रही है। राजधानी ढाका के नजदीकी इलाके सावर में सोमवार को एक राजनीतिक रैली के दौरान जोरदार बम धमाका हुआ. जानकारी के मुताबिक, यह धमाका नवनिर्मित राजनीतिक दल 'नेशनल सिटिजन पार्टी' (NCP) द्वारा आयोजित एक मार्च के दौरान हुआ।

धमाके के वक्त रैली को एक महिला नेता संबोधित कर रही थीं, तभी अचानक जनता के बीच एक बम फटा, जिससे वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल

इस घटना में कम से कम तीन लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, हालांकि उनकी वर्तमान स्थिति के बारे में अभी भी पूरी जानकारी नहीं मिली है। घटना का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि मंच से भाषण जारी रहने के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ धमाका होता है और धुआं उठने लगता है। धमाके के बाद रैली स्थल पर लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

शेख हसीना विरोधी आंदोलन की दूसरी वर्षगांठ पर था मार्च

गौरतलब है कि यह रैली और मार्च किसी सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम का हिस्सा नहीं था। यह प्रदर्शन पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के खिलाफ हुए ऐतिहासिक छात्र विरोध-प्रदर्शनों की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। सावर में इस मार्च के जरिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी अपनी मांगों और पुराने आंदोलन की याद में जुटे थे. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें निशाना बनाकर यह हमला किया गया है ताकि उनकी आवाज को दबाया जा सके।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

विस्फोट की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेरे में ले लिया गया है। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह किस प्रकार का बम था और इसे किसने प्लांट किया था।

फिलहाल विशेषज्ञों की टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है और जांच इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि क्या यह किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।

बांग्लादेश में बढ़ता तनाव

पिछले कुछ समय से बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बना हुआ है। हाल ही में ढाका के पास केरानीगंज में एक गैस लाइटर फैक्ट्री में लगी भीषण आग में पांच लोगों की मौत हो गई थी और अब इस बम धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रवादी और नई राजनीतिक शक्तियों के उभार के बीच इस तरह की हिंसक घटनाएं देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com