

Qatar Military Helicopter Crash: मध्य पूर्व में जारी भारी तनाव के बीच खाड़ी देश कतर से एक दुखद खबर सामने आई है। कतर के क्षेत्रीय समुद्री इलाके में एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, जिसमें कम से कम छह लोगों की जान चली गई है। रविवार को कतर सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह हादसा 'तकनीकी खराबी' की वजह से हुआ। कतर के आंतरिक मंत्रालय ने पुष्टि की है कि इस हादसे के बाद एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है।
कतर के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर एक नियमित ड्यूटी पर था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किए गए बयान में मंत्रालय ने कहा कि नियमित कार्य के दौरान कतर के एक हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह देश के ही समुद्री इलाके में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तकनीकी खराबी किस स्तर की थी इसकी जांच के लिए एक उच्च स्तरीय टीम गठित किए जाने की संभावना है।
हादसे की सूचना मिलते ही कतर प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि देश के उस क्षेत्र में विशेष टीमों को तैनात किया गया है। इस ऑपरेशन का नेतृत्व 'जनरल डायरेक्टोरेट ऑफ कोस्ट्स एंड बॉर्डर्स सिक्योरिटी' की समुद्री खोज और बचाव टीम कर रही है।
बचाव कार्य को और मजबूती देने के लिए आंतरिक सुरक्षा बल (Lekhwiya) के 'कतर इंटरनेशनल सर्च एंड Rescue ग्रुप' को भी मैदान में उतारा गया है। ये दोनों ही टीमें चुनौतीपूर्ण समुद्री परिस्थितियों में जटिल बचाव मिशनों को संभालने का अनुभव रखती हैं। लापता व्यक्ति को ढूंढने के लिए आधुनिक उपकरणों और गोताखोरों की मदद ली जा रही है।
यह दुर्घटना ऐसे समय में हुई है जब मध्य पूर्व में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। हालांकि, कतर के अधिकारियों ने अब तक इस हेलीकॉप्टर क्रैश और क्षेत्रीय संघर्ष के बीच किसी भी सीधे संबंध की पुष्टि नहीं की है। मंत्रालय ने अभी तक हताहत हुए लोगों की नागरिकता या उनकी पहचान उजागर नहीं की है।
गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में इस क्षेत्र में कई सैन्य गतिविधियां देखी गई हैं लेकिन प्रारंभिक जांच के आधार पर कतर ने इसे केवल एक तकनीकी विफलता ही करार दिया है। पूरे देश में इस घटना के बाद शोक की लहर है और सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की जा रही है।