एशिया में तूफान, बाढ़ से भारी तबाही: श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाईलैंड में 1000 से अधिक मौतें

Asia Storms: एशिया में भयंकर तूफानों, बाढ़ और लैंडस्लाइड ने मचाई तबाही। श्रीलंका, इंडोनेशिया, थाईलैंड में एक हफ्ते में 1000+ मौतें। इंडोनेशिया में 'सेन्यार' और श्रीलंका में 'दित्वा' का कहर।
Asia Storms
एशिया में भयंकर तूफानों, बाढ़ और लैंडस्लाइड ने मचाई तबाही (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

1000 Dead in Sri Lanka Indonesia Thailand in a Week: एशियाई देशों के लिए पिछला हफ्ता किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। श्रीलंका, इंडोनेशिया और थाईलैंड में आए भयंकर तूफानों और उसके बाद की बाढ़-भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने बड़ी तबाही मचाई है। सिर्फ एक सप्ताह के भीतर इन आपदाओं ने 1000 से भी अधिक लोगों की जान ले ली है। मलबे और पानी में दबे लोगों को खोजने के लिए बचाव अभियान (रेस्क्यू ऑपरेशन) युद्ध स्तर पर जारी है।

श्रीलंका: 'दित्वा' चक्रवात ने बरपाया कहर

श्रीलंका में चक्रवात 'दित्वा' ने सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया है। इस विनाशकारी तूफान के कारण अब तक कम से कम 334 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 370 लोग अब भी लापता हैं।

  • सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र: कैंडी शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां 88 मौतें हुई हैं और 150 लोग लापता हैं।
  • अन्य क्षेत्र: बादुल्ला (71 मौतें), नुवारा एलिया (68 मौतें) और मटाले (23 मौतें) में भी भारी जानमाल का नुकसान हुआ है।
  • व्यापक असर: देश भर में 3 लाख से ज्यादा परिवारों के 11 लाख से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों से संपर्क टूटने के कारण बचाव कार्य में बाधाएं आ रही हैं।

इंडोनेशिया: तूफान 'सेन्यार' से बाढ़ और भूस्खलन

इंडोनेशिया में तूफान 'सेन्यार' के कारण आई भयानक बाढ़ और भूस्खलन ने तबाही मचाई है, जहां मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी (बीएनपीबी) के अनुसार, सुमात्रा द्वीप के तीन प्रांतों में अब तक 442 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • नॉर्थ सुमात्रा: यह प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 217 मौतें दर्ज की गई हैं और 209 लोग लापता हैं।
  • आचेह और वेस्ट सुमात्रा: आचेह प्रांत में 96 मौतें और 75 लापता, जबकि वेस्ट सुमात्रा में 129 मौतें और 118 लापता बताए गए हैं।
  • आपदा का विस्तार: दक्षिणी इलाकों में आई बाढ़ से करीब 35.4 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

थाईलैंड: दक्षिणी प्रांतों में भयंकर बाढ़

दक्षिणी थाईलैंड भी तूफान से आई भयंकर बाढ़ से अछूता नहीं रहा, जहां मरने वालों की संख्या 170 से ज्यादा हो गई है। अब पानी का स्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है और राहत कार्य तेज कर दिया गया है।

  • सबसे ज्यादा क्षति: सरकारी प्रवक्ता सिरिपोंग अंगकासाकुलकियात ने बताया कि आठ दक्षिणी प्रांतों में जानमाल का नुकसान हुआ है, जिनमें सोंगखला में सबसे ज्यादा 110 मौतें हुई हैं।
  • आपातकाल: भारी मॉनसून बारिश के बाद, सरकार ने सोंगखला प्रांत में लोगों को सुरक्षित निकालने और बचाव कार्यों को आसान बनाने के लिए आपातकाल (इमरजेंसी) की घोषणा की। सबसे ज्यादा नुकसान हाट याई शहर को हुआ है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com