कारोबारियों के डेलिगेशन के साथ भारत आएंगे ऑस्ट्रेलियाई PM अल्बानीज, पीएम मोदी के साथ चेन्नई में देखेंगे मैच

Australia-India Relations: ऑस्ट्रेलियाई PM एंथनी अल्बानीज दिसंबर में बिजनेस डेलिगेशन के साथ भारत आ सकते हैं। मुंबई में बिजनेस कार्यक्रम और चेन्नई में क्रिकेट मैच से यात्रा के समापन की योजना है।
Anthony Albanese India Visit 2026
एंथनी अल्बानीज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Anthony Albanese India Visit 2026: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज साल के अंत में एक बिजनेस डेलिगेशन के साथ भारत आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रिश्ते तेजी से मजबूत हुए हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी की पूरी क्षमता का अभी तक इस्तेमाल नहीं हो पाया है। अल्बानीज ने कहा कि वह दिसंबर में अमेरिका में जी20 बैठक हिस्सा लेने के बाद वापसी में भारत आ सकते हैं। 

अल्बानीज ने कहा कि उनकी भारत यात्रा के दौरान मुंबई में एक बिजनेस कार्यक्रम होगा और यात्रा का समापन चेन्नई में एक क्रिकेट मैच के साथ होगा। उन्होंने न्यूयॉर्क में एशिया सोसायटी के एक कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री केविन रड के साथ बातचीत के दौरान इस यात्रा की जानकारी दी। अल्बानीज ने कहा क‍ि दिसंबर में फ्लोरिडा से लौटते समय, जहां राष्ट्रपति ट्रंप की मेजबानी में शायद 14 और 15 दिसंबर को जी20 बैठक हो रही है, मैं रास्ते में भारत जाऊंगा।

क्रिकेट मैच से होगा यात्रा का समापन

एंथनी अल्बानीज ने कहा, हम एक दिन का कार्यक्रम करेंगे। मुझे यह आइडिया पसंद है। बिजनेस काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के साथ कई कंपनियों के प्रतिनिधियों को लेकर मैं मुंबई जाऊंगा। उन्होंने कहा कि उनकी भारत यात्रा का समापन चेन्नई में एक क्रिकेट कार्यक्रम से होगा। इसमें ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया और वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया राज्यों की टीमें शामिल होंगी। उन्होंने कहा, जैसा कि भारत में अक्सर होता है, इसका समापन एक क्रिकेट मैच के साथ होगा।

अल्बानीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लोकतांत्रिक व्यवस्था और कॉमनवेल्थ से जुड़े रिश्ते हैं। इसके अलावा दोनों देशों के बीच शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी मजबूत संबंध हैं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई यूनिवर्सिटियां भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही हैं।

तेजी से बढ़ रही है भारत की अर्थव्यवस्था

अल्बानीज ने कहा क‍ि हालांकि, हम अभी बहुत कुछ और कर सकते हैं। इस रिश्ते और साझेदारी की पूरी क्षमता का अब तक इस्तेमाल नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी और मैं, दोनों इसे बदलने के लिए काफी उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और बड़ी आबादी की वजह से ऑस्ट्रेलिया के लिए भारत के साथ संबंध लगातार ज्यादा महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं। अल्बानीज ने कहा, भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उसके पास पहले से ही दुनिया की सबसे बड़ी आबादी है। 

मोदी के कार्यकाल में हुआ भारत का विकास

ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने भारत में लोगों तक बिजली और ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय भी दिया। उन्होंने कहा क‍ि प्रधानमंत्री मोदी को इसका श्रेय देना चाहिए कि उनके कार्यकाल में भारत में जितने लोगों को ऊर्जा तक पहुंच मिली है, उतने लोगों को मानव इतिहास में किसी भी देश या क्षेत्र में किसी एक दशक में ऊर्जा से नहीं जोड़ा गया। अल्बानीज ने कहा कि उनके और प्रधानमंत्री मोदी के बीच मजबूत रिश्‍ते हैं। उनके मुताबिक, उनके ऑस्ट्रेलिया का प्रधानमंत्री बनने के बाद से दोनों नेता एक-दूसरे के देशों का दो-दो बार दौरा कर चुके हैं।

Anthony Albanese India Visit 2026
यूक्रेन की करतूत पर दक्षिण कोरिया की नाराजगी, UN में किस खुलासे को लेकर तनातनी? माफी की मांग की

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक बड़े भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में शामिल होने का भी जिक्र किया। उस कार्यक्रम में भारतीय मूल के लोगों के उत्साह को याद करते हुए अल्बानीज ने कहा, मेरे लिए अच्छी बात यह थी कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे मेरे लिए भी नारे लगाने को कहा था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com