

22 लाख अपीलों पर प्राथमिकता से सुनवाई का निर्देश
KMC के 2 लाख मामलों का पहले होगा निपटारा
नाम कटने से राशन और योजनाओं का लाभ रुकने के आरोप पर सरकार से जवाब तलब
West Bengal Voter List Revision: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिया है। अदालत ने कहा है कि नाम दोबारा जुड़वाने के लिए अपील करने वाले 38 लाख लोगों में से 22 लाख मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। इनमें कोलकाता नगर निगम (KMC) के वार्डों से जुड़े करीब 2 लाख मामलों का निपटारा आगामी निकाय चुनावों को देखते हुए सबसे पहले किया जाएगा।
मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के साथ समन्वय कर अपीलों की सुनवाई के लिए ट्रिब्यूनलों की संख्या बढ़ाने को कहा है। फिलहाल ऐसे 19 ट्रिब्यूनल काम कर रहे हैं। अदालत ने आयोग को अलग-अलग स्थानों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया, ताकि लोगों को अपील की सुनवाई के लिए दूर न जाना पड़े।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची से करीब 90 लाख नाम हटाए गए थे। इनमें अनुपस्थित, दूसरे स्थान पर जा चुके, मृत और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के साथ तार्किक विसंगतियों के आधार पर चिह्नित नाम शामिल हैं। इस कार्रवाई के खिलाफ लगभग 38 लाख लोगों ने अपील दायर की है।
सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने बताया कि ट्रिब्यूनल अब तक करीब 1.4 लाख अपीलों का निपटारा कर चुके हैं। इनमें 90 प्रतिशत से अधिक मामलों में फैसला मतदाताओं के पक्ष में आया है और उनके नाम सूची में बहाल किए गए हैं।
भूषण ने इस आंकड़े का हवाला देते हुए कहा कि जिन लोगों की अपील लंबित है, उन्हें आगामी चुनावों में मतदान का अवसर मिलना चाहिए। इस पर अदालत ने KMC क्षेत्र के मामलों को प्राथमिकता देने की जरूरत बताई।
सुनवाई में यह मुद्दा भी उठाया गया कि मतदाता सूची से नाम हटने के बाद कुछ लोगों को राशन और अन्नपूर्णा योजना जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। भूषण ने कहा कि अदालत पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि मतदाता सूची से नाम हटने का प्रभाव केवल मतदान के अधिकार तक सीमित रहेगा, इसका नागरिकता या अन्य अधिकारों पर असर नहीं पड़ेगा।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि इनके समर्थन में कोई ठोस उदाहरण पेश नहीं किया गया है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल सरकार से इस संबंध में जवाब मांगा है।
वहीं, KMC चुनाव और वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 करने से जुड़े विवाद पर भी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। राज्य सरकार की याचिका पर अगली सुनवाई बुधवार को होगी।