

Sahdev Bag Murder: पश्चिम बंगाल में राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा और खून-खराबे की खबरों ने सबको दहला दिया है। एक तरफ जहां राजनीतिक गलियारों में नए नेतृत्व की चर्चा है, वहीं दूसरी तरफ आम लोग डर के साये में जीने को मजबूर हो रहे हैं। अब टीएमसी नेता सहदेव बाग की हत्या के बाद एक बार फिर माहौल गर्म हो गया है। नकुंडा पंचायत के कोटा गांव में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता सहदेव बाग का खून से लथपथ शव बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार सहदेव शनिवार रात से ही लापता थे और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने देखा कि उनका शव पार्टी कार्यालय के पीछे एक नाले में पड़ा हुआ था। शव की हालत देखकर साफ पता चल रहा था कि उनके साथ काफी बर्बरता की गई है। उनके चेहरे और नाक पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मृतक सहदेव बाग की पत्नी चीना बाग नकुंडा पंचायत में तृणमूल कांग्रेस की सदस्य हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पति कल रात घर से निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। चीना बाग का आरोप है कि चार मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से ही उनके पति को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। परिवार का सीधा आरोप है कि यह राजनीतिक हत्या है और इसके पीछे भाजपा समर्थित लोगों का हाथ है। पुलिस ने शव के पास से एक मुगुर भी बरामद किया है जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहराई से तफ्तीश शुरू कर दी है। गांव के लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है।
हिंसा की यह आग सिर्फ हुगली तक सीमित नहीं है। पूर्वी मिदनापुर के खेजुरी में भी स्थिति काफी विस्फोटक हो गई है। नवगठित सरकार के शपथ ग्रहण के कुछ ही समय बाद हिजली शरीफ गांव में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात को उपद्रवियों के एक गुट ने सुनियोजित तरीके से बाजार पर हमला किया और देखते ही देखते दर्जनों दुकानों को आग के हवाले कर दिया।
इस घटना में कई लोगों की रोजी-रोटी का साधन पल भर में राख हो गया। चश्मदीदों का कहना है कि हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और लोगों के बयानों के आधार पर दोषियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।