

West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार, (26 अप्रैल) को एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले चरण में इतना भारी मतदान हो गया कि पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया है, दूसरे चरण में भाजपा सरकार की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है।
कार्यक्रम में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का ये चुनाव अंतिम चरण में है, लेकिन आपने देखा होगा, 15 साल पहले TMC मां, माटी और मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी। पर अब इनके मुंह से मां, माटी और मानुष, यह शब्द तक नहीं निकलते। आखिर क्यों? क्या कारण है? मैं आपको कारण बताता हूं।
बंगाल की ममता सरकार और टीएमसी पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह TMC वाले अगर मां, माटी और मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे। TMC की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडीकेट, घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि TMC के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें, बेटियां हैं। इनके साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। TMC की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। यहां तो बहनों को ही गाली दी गई। यह कभी भूलना नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस के महाजंगलराज में यहां से बेटियां लापता हो रही हैं लेकिन TMC सरकार सोई पड़ी है, बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है। लेकिन अब और नहीं। गुंडे, बलात्कारियों का हिसाब 4 मई के बाद भाजपा की सरकार करेगी। चुन-चुन कर हिसाब करेगी।