

TMC MP Kalyan Banerjee: एक तरफ जहां पश्चिम बंगाल में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले से जुड़ी खबरें लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं, वहीं अब TMC के एक और सांसद पर हमले की खबर सामने आई है। हुगली में TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हमले की खबरें सामने आ रही हैं।
खबरों के मुताबिक, TMC सांसद कल्याण बनर्जी पर हुगली में उस समय हमला किया गया, जब वे चंडीतला पुलिस स्टेशन में एक ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। उन्हें प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया, जिन्होंने काले झंडे दिखाए, नारे लगाए और कथित तौर पर इस घटना के दौरान उनके साथ मारपीट भी की।
टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी को लोगों ने काले झंडे दिखाए और मारपीट की।
इस हमले में टीएमसी सांसद लहूलुहान हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं ने उनके साथ गाली-गलौज की और हमला किया।
TMC सांसद कल्याण बनर्जी अपने ऊपर हुए हमले पर कहा, "मैं अकेला आ रहा था; मेरे साथ कोई नहीं था। भाजपा के सदस्यों ने गाली-गलौज की और मेरे सिर पर एक ड्यूस बॉल से मारा। मेरे सिर से खून बह रहा है। अब लोग तय करेंगे कि यह सही है या गलत कि सांसदों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।"
आपको बताते चलें, कि TMC सांसदों पर हमले के संबंध में दो दिनों में सामने आने वाली यह दूसरी रिपोर्ट है। इससे पहले ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। उन पर अंडे फेंके, पत्थरबाजी की और ईंटों से हमला किया। कहा जा रहा है कि अगर उन्होंने बचाव के लिए हेलमेट का सहारा नहीं लिया होता तो कल उनकी जान चली जाती।
हालांकि, भारतीय जनता पार्टी ने इन हमलों को जनता का गुस्सा बताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह हमले 15 साल के गुस्से का नतीजा है। भाजपा नेताओं का मानना है कि टीएमसी के शासनकाल में भाजपा नेताओं पर टीएमसी ने कई अत्याचार किए थे और अब वे जनता का गुस्सा देख रहे हैं।