कोलकाता के न्यू टाउन में रातभर चली रेड, छापेमारी में ₹2.20 करोड़ कैश बरामद; महिला समेत 7 गिरफ्तार

West Bengal News: कोलकाता के न्यू टाउन स्थित गेस्ट हाउस से पुलिस ने ₹2.20 करोड़ की बेहिसाबी नकदी और सोना बरामद किया है। कार्रवाई में 1 महिला समेत 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Overnight raid in Kolkata's New Town; ₹2.20 crore in cash seized, 7 arrested including a woman.
कोलकाता के न्यू टाउन स्थित गेस्ट हाउस में पुलिस ने छापेमारी की (फोटो सोर्स- IANS)
Published on
Updated on

Kolkata Guest House Raid: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुप्त सूचना पर बीते सोमवार को रातभर छापेमारी चली। कोलकाता के उत्तरी बाहरी इलाके न्यू टाउन स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में रातभर चली संयुक्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 2.20 करोड़ रुपये की बेहिसाबी नकदी बरामद की है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह संयुक्त अभियान सोमवार रात शुरू हुआ और मंगलवार सुबह तक चला।

कार्रवाई में बिधाननगर सिटी पुलिस के डिटेक्टिव विभाग, टेक्नो सिटी पुलिस थाना और बिधाननगर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस को गेस्ट हाउस में बड़ी मात्रा में नकदी और सोना रखे होने की गुप्त सूचना मिली थी।

साइबर ठगी की आशंका

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नकदी कहां से आई और इसे गेस्ट हाउस में किस उद्देश्य से रखा गया था। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए ठिकाने लगाने की योजना थी।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह रकम साइबर ठगी से हासिल की गई हो सकती है। इसी शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई थी, जिसके बाद भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद हुआ।

गेस्ट हाउस मालिक समेत अन्य लोगों से हो रही पूछताछ

जांच अधिकारी ने कोलकाता के न्यू टाउन स्थित गेस्ट हाउस के मालिक और वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ कर रहे हैं ताकि बरामद नकदी और सोने के स्रोत का पता लगाया जा सके तथा इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस सभी सात गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े बड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने जांच के लिए कई दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इसके अलावा गेस्ट हाउस परिसर से मिले चार वाहनों को भी कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बनाया गया है।

एजेंसी इनपुट के साथ...

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com