बंगाल में बुलडोजर एक्शन पर भड़का विपक्ष, सीपीआई नेता डी. राजा बोले- सत्ता का दुरुपयोग बंद करे भाजपा

Howrah Station Encroachment Drive BJP: कोलकाता में प्रशासन द्वारा रविवार देर रात हावड़ा स्टेशन के बाहर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इसको लेकर काफी बवाल हुआ। इस पर विपक्ष की प्रतिक्रिया आई सामने।
Opposition Outraged Over 'Bulldozer Action' in Bengal; CPI Leader D. Raja Says: BJP Must Stop Misusing Power
सीपीआई नेता डी. राजा (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

D Raja On Bengal Bulldozer Action: पश्चिम बंगाल में पहली बार सत्ता में आई भाजपा सरकार लगातार एक्शन मोड नजर आ रही है। राजधानी कोलकाता में प्रशासन द्वारा रविवार देर रात हावड़ा स्टेशन के बाहर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। गंगा घाट से स्टेशन परिसर तक के अवैध कब्जे और अस्थाई दुकानों पर रेलवे प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। इस काफी बवाल भी हुआ।

इस कार्रवाई पर अब विपक्ष की प्रतिक्रिया भी आनी शुरू हो गई है। अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर के इस्तेमाल पर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) के महासचिव डी. राजा ने निंदा की है। उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, सत्ता का गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। डी. राजा ने संविधान का भी हवाला दिया।

संवैधानिक नैतिकता का हो पालन: डी राजा

सीपीआई महासचिव डी राजा कहते हैं, बंगाल में बहुत कुछ हो रहा है। हमने देखा कि चुनाव के बाद हिंसा कैसे हुई। अब हमने देखा कि बुलडोजर का इस्तेमाल कैसे किया गया। अब चुनाव खत्म हो गए हैं। चाहे हम मानें या न मानें, जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। उसी के अनुसार सरकार को काम करना होगा।

आगे उन्होंने कहा, भाजपा को अपनी शक्ति का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। बंगाल में भाजपा सरकार जो भी करे, वह संविधान के अनुरूप होनी चाहिए और संवैधानिक नैतिकता का पालन होना चाहिए।

अतिक्रमण पर की गई कार्रवाई

कोलकाता में प्रशासन की कार्रवाई पर अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गंगा घाट और बस स्टैंड के आसपास सार्वजनिक स्थानों और फुटपाथों पर काफी लंबे समय से अतिक्रमण करके अस्थायी दुकानें और ढांचे बनाए गए थे। इससे यात्रियों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। रेलवे की जमीन खाली कराने के लिए बुलडोजर और अर्थमूवर मशीनों की सहायता ली गई। कार्रवाई में अवैध निर्माणों और कई दुकानों को वहां से हटाया गया।

पुलिस बल तैनात

प्रशासन की कार्रवाई के दौरान लोगों का भारी विरोध भी देखने को मिला। इससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। हालांकि, प्रशासन द्वारा हालात पर काबू पा लिया गया। माहौल के मद्देनजर इलाके में रविवार सुबह तक पुलिस बल तैनात रही।

Navbharat Live
navbharatlive.com