

Cockroach Janta Party Bengal Ultimatum: पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के वॉलंटियर की पिता की मौत मामले में सीजेपी ने बंगाल सरकार को सभी लोगों को गिरफ्तार करने के लिए 10 दिन का समय दिया है। इसके साथ ही सीजेपी ने स्थानीय पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों के कामकाज की भी जांच की मांग की है।
बता दें, पश्चिम बंगाल में CJP के वॉलंटियर शेक अब्दुल हफीज के पिता जनाब माफिक पर कुछ दिन पहले हुए हमले के बाद उनकी मौत हो गई। हमले में घायल माफिक का अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। इस पर पार्टी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों में सुधार की मांग करने पर कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने 'स्कूल ठीक करो' नाम से एक कैंपेन शुरू किया था। इस कैंपेन के तहत हमने लोगों और अभिभावकों से कहा कि वे अपने इलाके के सरकारी स्कूलों में जाएं और सुधार की जरूरत वाली जगहों की पहचान करने के लिए सोशल ऑडिट करें। उन्होंने बताया कि 26 साल के अब्दुल, जो जंतर-मंतर पर सीजेपी के 'चलो संसद' विरोध प्रदर्शन में भी शामिल हुए थे। इसी कैंपेन के तहत पश्चिम बंगाल में अपने इलाके के सरकारी स्कूल गए थे।
उन्होंने वहां के शिक्षकों को बताया कि वे अगले दिन ऑडिट करने के लिए वापस आएंगे। उसी रात भाजपा के गुंडे अब्दुल के घर गए और बेरहमी से उनकी पिटाई की। जब उनके पिता अब्दुल को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए तो उन्होंने उन्हें भी बुरी तरह पीटा।
सौरव दास ने आगे बताया कि हमें कल पता चला कि उनके पिता की हालत गंभीर हो गई थी, और शाम को उनका निधन हो गया। यह बिल्कुल निंदनीय है। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि वे स्कूल-विरोधी और बुद्धिजीवी-विरोधी हैं, लेकिन लोग ऐसी गुंडागर्दी पर यकीन नहीं करते। जब समय आएगा तो आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर अब जागरूकता बढ़ रही है। जेन अल्फा से लेकर जेन 'एक्स' और जेन-जी तक, सब अपने स्कूलों को ठीक करने के लिए खुद आगे आ रहे हैं। मदद करने के बजाय वे असल में लोगों की जान ले रहे हैं।
सौरव दास ने बताया कि सीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल अब्दुल के परिवार से मिलेगा। आशुतोष रांका के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल अब्दुल और उनके परिवार से मिलने जाएगा। वे मांग करेंगे कि पुलिस दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। जब तक न्याय नहीं मिल जाता और जिम्मेदार लोगों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक पूरा सीजेपी परिवार और युवा अब्दुल और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।