

Cylinder Seized Video : देश में विकास के बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में लोग रोज कमाकर रोज खाने को मजबूर हैं। ऐसे ही मेहनतकश लोगों में सड़क किनारे ठेला लगाने वाले लोग भी शामिल हैं, जिनकी कमाई से ही घर चलता है।
अब सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को भावुक कर दिया है। वीडियो में एक महिला अपने खाने बनाने वाले गैस सिलेंडर को बचाने के लिए अधिकारियों से गुहार लगाती नजर आती है।
वायरल वीडियो करीब दो मिनट से कम का है, लेकिन इसमें गरीब परिवार की मजबूरी साफ दिखाई देती है। वीडियो की शुरुआत में महिला सिलेंडर पर हाथ रखकर खड़ी होती है और कहती है, “बस सिलेंडर छोड़ दीजिए।”
जब अधिकारी सिलेंडर हटाने लगते हैं तो महिला रोने लगती है और कहती है, “ये रोटी वाला सिलेंडर है, मेरे बच्चे भूखे मर जाएंगे, आप ठेला ले जाइए लेकिन सिलेंडर छोड़ दीजिए।” काफी देर की बहस के बाद अधिकारी बड़ा सिलेंडर छोड़ देते हैं, लेकिन छोटा सिलेंडर अपने साथ ले जाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो देखने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई है। कई सोशल मीडिया यूजर्स ने गरीबों के साथ ऐसे व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। एक यूजर ने लिखा कि पहले रेहड़ी जब्त करते हैं, फिर पैसे देकर छुड़ाने को कहते हैं।
दूसरे ने लिखा कि गरीब मेहनत करके पेट पालते हैं, उन्हें परेशान क्यों किया जाता है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर सड़क किनारे रोजी-रोटी कमाने वालों की मुश्किलों को सामने ला दिया है।