

Highlights:
वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 28 गेंदों में शतक जड़कर सबका ध्यान खींचा।
उनकी बल्लेबाजी के बाद सोशल मीडिया पर बिल्ली वाला कार्टून वीडियो और मीम्स वायरल हुए।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी युवा बल्लेबाज को बधाई दी।
Vaibhav Sooryavanshi Viral Video: क्रिकेट के मैदान पर जब कोई खिलाड़ी गेंदबाजों की धुनाई करता है, तो चर्चा सिर्फ उसके स्कोर की नहीं, बल्कि उसके अंदाज की भी होती है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के मुकाबले में ऐसी ही तूफानी पारी खेलकर क्रिकेट जगत का ध्यान खींच लिया।
वैभव ने महज 28 गेंदों में शतक जड़ दिया। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों के साथ मीम्स और मजेदार वीडियो की बाढ़ आ गई। एक वीडियो में तो कार्टून बिल्ली बंदूक से गोलियां चलाती नजर आ रही है। यूजर्स इसे वैभव की बल्लेबाजी से जोड़कर शेयर कर रहे हैं।
वैभव की पारी के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के मीम्स और रील शेयर किए जा रहे हैं। इनमें एक कार्टून वीडियो खास तौर पर वायरल हो रहा है। इसमें एक बिल्ली बंदूक से गोलियां चलाती दिखाई देती है। यूजर्स इस वीडियो के जरिए मजेदार अंदाज में बता रहे हैं कि वैभव ने UAE के गेंदबाजों पर किस तरह हमला बोला।
दोहा के यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी क्रिकेट स्टेडियम में इंडिया A और UAE के बीच मुकाबला खेला गया। 250 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया A की ओर से पारी की शुरुआत करने आए वैभव ने आते ही आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने शुरुआती ओवरों में ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।
बता दें कि शुरुआती तीन ओवर में आठ छक्के और एक चौका जड़कर उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए। वैभव ने 28 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी पारी में छक्कों की बरसात देखने को मिली। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, उन्होंने 53 गेंदों में 204 रन बनाए और इस दौरान 28 छक्के लगाए।
वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी। उन्होंने युवा खिलाड़ी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि बिहार के लाल ने अपने प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है।
वैभव की बल्लेबाजी को लेकर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और क्रिकेट प्रशंसक भी अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'दबदबा है, दबदबा था और दबदबा रहेगा।' वहीं, एक अन्य पोस्ट में वैभव के 28 गेंदों में शतक को ऐतिहासिक बताते हुए जेक फ्रेजर-मैकगर्क के 29 गेंदों में बने लिस्ट-A शतक के रिकॉर्ड का जिक्र किया गया।
कम उम्र में वैभव की ऐसी आक्रामक बल्लेबाजी ने एक बार फिर उन्हें क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बना दिया है। अब उनकी इस पारी के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं।