

Women Beat Sidhu Abhange Viral Video: महाराष्ट्र के ठाणे पूर्व स्थित कोपरी पुलिस स्टेशन से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (युवासेना) के पदाधिकारी और खुद को शिर्डी लोकसभा क्षेत्र का युवासेना संपर्क प्रमुख बताने वाले सिद्धेश उर्फ सिद्धू अभंगे की पुलिस स्टेशन के अंदर ही महिलाओं ने जमकर पिटाई कर दी।
यह पूरी घटना वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के सामने ही घटी, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस पूरे विवाद की मुख्य वजह हफ़्ते की मांग बताई जा रही है। आरोप है कि सिद्धू अभंगे ने कोपरी के प्रसिद्ध कपड़ा बाजार में व्यापार करने वाली महिलाओं से प्रति व्यक्ति 500 रुपये की मांग की थी।
इस रंगदारी और लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर कपड़ा बाजार की कई महिलाएं एकजुट होकर सिद्धू के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने कोपरी पुलिस स्टेशन पहुंची थीं।
उसी दौरान आरोपी सिद्धू अभंगे भी अपनी पत्नी के साथ पुलिस स्टेशन पहुंच गया। उसे देखते ही शिकायत दर्ज कराने आई महिलाओं का गुस्सा बेकाबू हो गया। महिलाओं और उनके साथ आए एक परिचित व्यक्ति ने पुलिस स्टेशन के भीतर ही सिद्धू अभंगे तथा उसकी पत्नी पर हमला कर दिया और पुलिस के सामने ही उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
इस अचानक हुए हमले से वहां मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस ने तुरंत बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सिद्धू अभंगे ठाणे शहर के सिद्धार्थ नगर का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही मारपीट के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहने और वीडियो के जरिए दहशत फैलाने के कारण इलाके में उसकी पहचान यूट्यूब भाई के रूप में है।
हाल ही में संपन्न गणेशोत्सव में उसने कोपरी में सार्वजनिक गणेशोत्सव आयोजित किया था, जिसमें स्थानीय विधायकों और पूर्व पार्षदों ने भी शिरकत की थी।
पुलिस स्टेशन में हुई इस मारपीट की घटना के बाद कोपरी इलाके में कुछ समय के लिए काफी तनाव पैदा हो गया। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।