

Tesla Cybertruck Viral Video : अमेरिका में एक टेस्ला साइबरट्रक को ऐसा देसी मेकओवर दिया गया कि उसे देखकर लोग हैरान रह गए। अमेरिका की एक विनाइल रैपिंग कंपनी ने इस futuristic इलेक्ट्रिक वाहन को भारतीय ट्रक आर्ट से सजा दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। Original Global Graphics ने इंस्टाग्राम पर इस अनोखे बदलाव का वीडियो शेयर किया है।
इसमें ग्राहक गैराज में पहुंचकर अपने साइबरट्रक को देखता है और कुछ पल के लिए रुक जाता है। वजह थी कार का बदला हुआ रूप। आमतौर पर अपने बेहद आधुनिक और सादे डिजाइन के लिए पहचाना जाने वाला साइबरट्रक अब चमकीले रंगों और पारंपरिक भारतीय ट्रक आर्ट से सजा नजर आया।
वीडियो में साइबरट्रक के अगले हिस्से पर बड़े अक्षरों में “Dekho, magar pyaar se” लिखा दिखाई देता है। इसके अलावा गाड़ी के दोनों तरफ रंग-बिरंगे पैटर्न और भारतीय ट्रकों पर नजर आने वाली सजावटी कलाकारी की झलक दिखाई देती है। साइबरट्रक की पहले से ही अलग और कोणीय बॉडी पर यह डिजाइन और भी आकर्षक नजर आता है।
ऐसा लगता है जैसे किसी भारतीय हाईवे पर चलने वाला सजा हुआ ट्रक अचानक इलेक्ट्रिक पिकअप में बदल गया हो। कंपनी ने ग्राहक की प्रतिक्रिया भी वीडियो में कैद की। ग्राहक तैयार साइबरट्रक को देखकर काफी उत्साहित नजर आया। कंपनी ने इस बदलाव को ग्राहक का सपना पूरा करने वाला काम बताया। आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहन और पारंपरिक भारतीय ट्रक कला का यह अनोखा मेल सोशल मीडिया यूजर्स को खूब पसंद आ रहा है।