रणथंभौर में पर्यटकों के बेहद करीब पहुंचा टाइगर, जिप्सी और बाघ के बीच रह गई चंद कदमों की दूरी; VIDEO वायरल

Ranthambore Tiger Viral Video : रणथंभौर नेशनल पार्क में एक बाघ पर्यटकों की जिप्सी के बेहद करीब पहुंच गया। जिप्सियों की भीड़ के बीच टाइगर को इतना करीब देखकर पर्यटकों की सांसें थम गईं।
A tiger came extremely close to tourists during a safari in Ranthambore.
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट(सोर्स - सोशल मीडिया)
Updated on

Tiger Close To Tourists : टाइगर को जंगल का सबसे ताकतवर और खूंखार जानवर माना जाता है। ऐसे में अगर कोई बाघ अचानक आपके बेहद करीब आ जाए तो डरना स्वाभाविक है। राजस्थान के रणथंभौर नेशनल पार्क से ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टाइगर सफारी के दौरान एक बाघ पर्यटकों की जिप्सी के बेहद करीब पहुंचता दिखाई दे रहा है।

उस समय पार्क में कई जिप्सियां मौजूद थीं और पर्यटक टाइगर को देखने के लिए इंतजार कर रहे थे। तभी अचानक बाघ की दहाड़ सुनाई देती है और वह शाही अंदाज में चलते हुए जिप्सियों की ओर बढ़ने लगता है। आसपास कई गाड़ियां खड़ी होने की वजह से जिप्सियों के लिए पीछे हटने की ज्यादा जगह भी नहीं थी। बाघ को लगातार अपनी ओर आता देखकर पर्यटकों के बीच तनाव का माहौल बन गया।

रणथंभौर में पर्यटकों के बेहद करीब पहुंचा टाइगर

वीडियो में आगे जो दृश्य दिखाई देता है, उसने लोगों का ध्यान खींच लिया। एक जिप्सी रणथंभौर में मौजूद किले की दीवार के बिल्कुल पास खड़ी दिखाई देती है। इसी दौरान बाघ चलते-चलते दीवार पर चढ़ जाता है और जिप्सी में बैठे पर्यटकों के बेहद करीब पहुंच जाता है। बाघ और पर्यटकों के बीच इतनी कम दूरी रह जाती है कि वहां मौजूद लोगों की सांसें कुछ पल के लिए थम जाती हैं।

बताया गया कि पर्यटकों को शांत रहने और अचानक कोई हरकत नहीं करने के लिए कहा गया। बाघ कुछ समय तक वहां रुका और फिर बिना किसी को नुकसान पहुंचाए आगे बढ़ गया। इस दौरान जिप्सी में बैठे पर्यटक बेहद सतर्क नजर आए। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।

लोगों ने पर्यटकों और जिप्सियों की भीड़ पर सवाल उठाए

यह वीडियो 'Chalo Jungle' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है और इसे सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। कई यूजर्स ने टाइगर की ताकत और उसके बेहद करीब आने वाले इस पल को हैरान करने वाला बताया। वहीं कुछ लोगों ने पर्यटकों और जिप्सियों की भीड़ पर सवाल उठाए। एक यूजर ने लिखा कि अगर टाइगर का मूड खराब होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दूसरे यूजर ने कहा कि जंगल में इस तरह जिप्सियों की भीड़ लगाना सही नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि वन्यजीवों के बेहद करीब जाने की कोशिश इंसानों की गलती होती है और किसी घटना के बाद इसका जिम्मेदार टाइगर को ठहराना उचित नहीं है। वायरल वीडियो ने एक बार फिर जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों से सावधानी और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जरूरत को सामने ला दिया है।

A tiger came extremely close to tourists during a safari in Ranthambore.
नानी को पहली बार फ्लाइट से गोवा ले गई नातिन, खुशी से झूम उठीं दादी; वायरल हुआ प्यारा VIDEO
Navbharat Live
navbharatlive.com